*जमीन विवाद में महिला को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में गुना पुलिस की त्वरित कार्यवाही*
द्वारका न्यूज़ प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर 10 नवंबर 2026

*फतेहगढ़ थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा*
*मर्ग जांच में सामने आए महत्वपूर्ण तथ्य, जमीन पर कब्जे को लेकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का मामला*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में गंभीर एवं संवेदनशील अपराधों की निष्पक्ष एवं सूक्ष्मता से जांच कर आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्यवाही की जा रही है । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी श्री हेमंत पाण्डेय के पर्यवेक्षण में फतेहगढ़ थाना पुलिस द्वारा महिला को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के गंभीर मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना फतेहगढ़ क्षेत्र के ग्राम धनोरिया निवासी सतीश धाकड़ द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि जमीन संबंधी विवाद को लेकर रामस्वरूप धाकड़, उसके पुत्र रामकुमार धाकड़ एवं दर्शन धाकड़ द्वारा उनकी भाभी पुष्पाबाई धाकड़ को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था । आरोपियों द्वारा जमीन पर कब्जा करने के प्रयासों के चलते महिला परेशान थी । इसी क्रम में दिनांक 03 नवंबर 2026 को विवाद के दौरान अत्यधिक मानसिक तनाव में आकर पुष्पाबाई ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया । हालत बिगड़ने पर उन्हें उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए भोपाल रेफर किया गया। उपचार के दौरान दिनांक 07 नवंबर 2026 को उनकी मृत्यु हो गई ।
घटना के बाद पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर मृतिका के परिजनों से पूछताछ, घटनास्थल का निरीक्षण कर अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की सूक्ष्मता से जांच की गई । जांच में सामने आया कि आरोपी रामस्वरूप धाकड़ एवं रामकुमार धाकड़ मृतिका की जमीन पर जबरन कब्जा करना चाहते थे तथा दर्शन धाकड़ द्वारा दोनों आरोपियों को इसके लिए उकसाया जाता था । जमीन विवाद एवं आरोपियों की प्रताड़ना से परेशान होकर ही मृतिका द्वारा आत्महत्या किए जाने के तथ्य सामने आए । संपूर्ण मर्ग जांच के उपरांत दिनांक 08 नवंबर 2026 को थाना फतेहगढ़ में आरोपी रामस्वरूप धाकड़, रामकुमार धाकड़ एवं दर्शन धाकड़ के विरुद्ध अपराध क्रमांक 232/2026 धारा 108, 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ।
प्रकरण दर्ज होने के बाद से ही फतेहगढ़ थाना पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश की जा रही थी । इसी क्रम में फतेहगढ थाना पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए प्रकरण दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर ही दो आरोपियों 1- रामस्वरुप पुत्र हटीलाल धाकड उम्र 49 साल एवं 2-रामकुमार पुत्र रामस्वरुप धाकड उम्र 25 साल निवासीगण ग्राम धनोरिया थाना फतेहगढ जिला गुना को गिरफ्तार कर लिया । आरोपियों को विधिवत वैधानिक कार्यवाही उपरांत माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है । प्रकरण में शेष फरार आरोपी दर्शन धाकड़ की पुलिस द्वारा सरगर्मी से तलाश की जा रही है ।
उक्त कार्यवाही में फतेहगढ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक तिवारी, सउनि नरेश शर्मा, सउनि दिलीप रघुवंशी, प्रधान आरक्षक सरनाम सिंह, प्रधान आरक्षक चंद्रसेन फाल्के, प्रधान आरक्षक गिर्राज शर्मा, प्रधान आरक्षक हरिओम किरार, प्रधान आरक्षक प्रेम ग्वाल, प्रधान आरक्षक कांजराज बारेला, आरक्षक दीपक शर्मा, आरक्षक बृजेन्द्र कुशवाह, आरक्षक अजय लोधी, आरक्षक धीरेन्द्र बघेल, आरक्षक विवेक सिंह, आरक्षक नीरज शर्मा, आरक्षक लेखराज भील एवं सायबर सेल से आरक्षक कुलदीप यादव व आरक्षक भूपेन्द्र खटीक की सराहनीय भूमिका रही है ।





