Offline
Online
Viewers 0

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर गुना में विकास, संस्कृति और सम्मान का संगम, रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर गुना में विकास, संस्कृति और सम्मान का संगम, रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां

प्रधान संपादक विक्रम सिंह

1 नवंबर 2026

 

 

कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल बोले– शिक्षा, उद्यानिकी और औद्योगिक गतिविधियों से जिले को मिल रही नई पहचान; विधायक पन्नालाल शाक्य ने श्रमिकों को न्यूनतम मजदूरी दिलाने पर दिया जोर

 

गुना | द्वारका न्यूज़

 

मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर गुना जिला मुख्यालय में उत्सव, उल्लास और सांस्कृतिक विरासत का भव्य संगम देखने को मिला। शुभ विदाई गार्डन में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में जहां प्रदेश की विकास यात्रा और जिले की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया, वहीं देशभक्ति गीतों एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों से लेकर गुना की विशिष्ट पहचान बने धनिया, गुलाब और थाई पिंक अमरूद तक की आकर्षक प्रदर्शनियां लगाई गईं।

 

समारोह के मुख्य अतिथि विधायक पन्नालाल शाक्य ने श्रमिकों को शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित करने पर जोर दिया। वहीं कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने शिक्षा, उद्यानिकी और औद्योगिक गतिविधियों में जिले की प्रगति का उल्लेख करते हुए इसे विकास की नई दिशा बताया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

 

शिक्षा से उद्योग तक, विकास की नई संभावनाएं : कलेक्टर

 

कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि गुना जिले ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। जिले के विद्यार्थियों ने राज्य स्तर पर उत्कृष्ट अंक अर्जित कर गुना का नाम रोशन किया है। उन्होंने विद्यार्थियों से विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए शिक्षा, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

 

उन्होंने कहा कि उद्यानिकी के क्षेत्र में भी जिले की पहचान मजबूत हो रही है। किसान उद्यानिकी गतिविधियों के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बन रहे हैं। इसके साथ ही औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार और हाईवे के आसपास नए क्षेत्रों का विकास जिले की अर्थव्यवस्था के लिए नई संभावनाएं पैदा कर रहा है।

 

श्रमिकों के हक से समझौता नहीं हो, न्यूनतम मजदूरी सुनिश्चित करें : विधायक

 

विधायक पन्नालाल शाक्य ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत भूमि का अपना विशेष महत्व है। उन्होंने श्रमिकों के अधिकारों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कुछ स्थानों पर निर्धारित दर से कम मजदूरी दिए जाने की जानकारी सामने आई है। ऐसे मामलों की जांच कर यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि प्रत्येक श्रमिक को नियमानुसार न्यूनतम मजदूरी मिले और किसी के साथ अन्याय न हो।

 

महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पाद बने आकर्षण

 

समारोह स्थल पर महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार मसाले, लकड़ी के उत्पाद, दीपक, सुगंधित अगरबत्तियां, मेहंदी सहित विभिन्न स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। इन उत्पादों के माध्यम से महिलाओं की मेहनत, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की झलक देखने को मिली।

 

उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की ‘गुना की अनूठी पहचान’ प्रदर्शनी में जिले का प्रसिद्ध धनिया, गुलाब और थाई पिंक अमरूद आकर्षण का केंद्र रहे। इसके अलावा प्रदेश के विकास कार्यों और उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित कर नागरिकों की जांच की गई।

 

मध्यप्रदेश गान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा समारोह

 

कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद सामूहिक रूप से मध्यप्रदेश गान प्रस्तुत किया गया। स्थानीय कलाकारों एवं छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध परंपरा एवं सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया। दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

 

क्विज-2026 के विजेताओं को लाखों के पुरस्कार

 

किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज-2026 के जिला स्तरीय तीन विजेताओं को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

 

– प्रथम पुरस्कार: ग्राम टकनेरा की श्रीमती अंगूरी अग्रवाल को ट्रैक्टर के लिए 7 लाख 26 हजार रुपये।

– द्वितीय पुरस्कार: ग्राम पेंची, चाचौड़ा के श्री राहुल नामदेव को बुलेट मोटरसाइकिल के लिए 1 लाख 68 हजार रुपये।

– तृतीय पुरस्कार: ग्राम बुढ़ेना, आरोन के श्री प्रियांश यादव को ई-स्कूटर के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये।

 

इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।

 

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

 

समारोह में विधायक पन्नालाल शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार, उपाध्यक्ष धरम सोनी, सांसद प्रतिनिधि हरिसिंह यादव, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक दुबे, पुलिस अधीक्षक हितिका वासल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम का संचालन सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य आशीष टांटिया ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन गुना एसडीएम शिवानी पांडे ने किया।

Vikram singh tomar
Author: Vikram singh tomar

DWARKA NEWS NATIONAL NETWORK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें