Offline
Online
Viewers 0

गुना में दिव्यांगों और वरिष्ठजनों के लिए विशेष शिविर, 118 लोगों का पंजीयन; 70 को सहायक उपकरणों के लिए किया चिह्नित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुना में दिव्यांगों और वरिष्ठजनों के लिए विशेष शिविर, 118 लोगों का पंजीयन; 70 को सहायक उपकरणों के लिए किया चिह्नित

एनएफएल, गेल और एलिम्को की पहल से दिव्यांगजनों को मिलेंगे कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण, वरिष्ठजनों के स्वास्थ्य और मानसिक सक्रियता पर भी दिया गया जोर

गुना | द्वारका न्यूज़ प्रधान संपादक

| 4 नवंबर 2026

दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण की दिशा में सामाजिक न्याय विभाग द्वारा विशेष पहल की गई। बुधवार को जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र में आयोजित मूल्यांकन एवं स्वास्थ्य कल्याण शिविर में कुल 118 दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों का पंजीयन किया गया। इनमें से 70 हितग्राहियों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण प्रदान करने के लिए चिह्नित किया गया।

इस कार्यक्रम में द्वारका न्यू अभिनव दिव्यांग पुनर्वास संस्थान गुना के द्वारा दिव्यांग जनों के पंजीकरण एवं उपकरण सहायता कार्यक्रम में सहभागिता की गई इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष विक्रम सिंह तोमर उपस्थित रहे अपने साथियों के साथ।

यह शिविर नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (एनएफएल) की निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) योजना, गेल (इंडिया) लिमिटेड के सीएसआर सहयोग तथा भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) की योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों की आवश्यकताओं का मूल्यांकन कर उन्हें उपयोगी सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना रहा।

वरिष्ठजनों के स्वास्थ्य और मानसिक सक्रियता पर विशेष ध्यान

इसी क्रम में भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की अटल वयो अभ्युदय योजना (AVYAY) के अंतर्गत स्टेट एक्शन प्लान 2026-27 के तहत वरिष्ठजनों के समग्र स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया। इसमें वरिष्ठ नागरिकों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य के साथ उनकी जीवन गुणवत्ता बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।

शिविर में जिला चिकित्सालय गुना की चिकित्सकीय टीम ने वरिष्ठजनों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया। वहीं जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र एवं मन मेंटल हेल्थ अवेयरनेस सोसायटी की टीम ने मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक मजबूती से जुड़ी गतिविधियां आयोजित कीं।

वरिष्ठजनों की स्मरण शक्ति एवं मानसिक सक्रियता बढ़ाने के लिए खेल, पहेलियां, सामान्य ज्ञान, कहानी सुनाने और जीवन के अनुभव साझा करने जैसी गतिविधियां कराई गईं। पुराने गीतों एवं तस्वीरों के माध्यम से पुरानी यादें ताजा की गईं। सामूहिक खेल और मनोरंजक गतिविधियों में बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अनुभवों से मिली नई सीख

कार्यक्रम का शुभारंभ सामाजिक न्याय विभाग के उपसंचालक रिशु कुमार सुमन ने किया। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने अपने जीवनकाल के अनुभवों और ज्ञान को साझा किया। आयोजन का उद्देश्य बुजुर्गों को स्वस्थ, सक्रिय और सामाजिक रूप से जुड़ा रखना भी रहा।

कार्यक्रम में आनंदशाम वृद्धाश्रम के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद अग्रवाल, सहसचिव ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव, वरिष्ठ नागरिक परिसंघ के अध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव, जिला संयोजक दिलीप सक्सेना, कोषाध्यक्ष पी.एम. अत्रे, सहकोषाध्यक्ष मोहनलाल श्रीवास्तव, सदस्य दिनेश कुमार श्रीवास्तव एवं वरिष्ठ नागरिक प्रेमनारायण ओझा उपस्थित रहे।

इसके अलावा मन मेंटल हेल्थ अवेयरनेस सोसायटी गुना की मनोवैज्ञानिक भावना अरोरा एवं काउंसलर प्रमोद केवट सहित सामाजिक न्याय विभाग का स्टाफ मौजूद रहा।

दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने और वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में आयोजित ये शिविर सामाजिक सहभागिता एवं संवेदनशीलता का महत्वपूर्ण उदाहरण बने।

Vikram singh tomar
Author: Vikram singh tomar

DWARKA NEWS NATIONAL NETWORK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें