बीसभुजा माता मंदिर पहुंचीं SP हितिका वासल, सुरक्षा व्यवस्था परखी; पारदी युवक से गुलदस्ते खरीद बढ़ाया हौसला
द्वारका न्यूज़ | प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
13 अक्टूबर 2026

‘नई दिशा अभियान’ की दिखी सकारात्मक तस्वीर, अपराध का रास्ता छोड़ स्वरोजगार अपना रहे राजा पारदी को पुलिस अधीक्षक ने किया प्रोत्साहित
गुना | द्वारका न्यूज़ | 13 अक्टूबर 2026
गुना। नवदुर्गा महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन और यातायात व्यवस्था को लेकर गुना पुलिस अलर्ट है। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने मंगलवार को बजरंगगढ़ स्थित प्रसिद्ध बीसभुजा माता मंदिर पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर, पार्किंग स्थलों, दुकानों और श्रद्धालुओं की आवाजाही का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, ‘नई दिशा अभियान’ के तहत स्वरोजगार अपनाकर नई राह चुन रहे पारदी युवक की दुकान से गुलदस्ते खरीदकर एसपी ने उसका उत्साह भी बढ़ाया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
एसपी हितिका वासल ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन, सीएसपी सैपा हाशमी और बजरंगगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह परिहार के साथ मंदिर क्षेत्र का भ्रमण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और पार्किंग की स्थिति का जायजा लेते हुए निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
एसपी ने पार्किंग संचालकों और दुकानदारों से संवाद कर रास्तों पर अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने तथा आवागमन बाधित नहीं होने देने की समझाइश दी। उन्होंने निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील भी की। महोत्सव के दौरान मंदिरों, झांकी स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात कर लगातार निगरानी की जा रही है।
गुलदस्ते खरीदकर बढ़ाया रोजगार का हौसला
निरीक्षण के दौरान एसपी की नजर मुरादपुर निवासी राजा पारदी की फूलों के गुलदस्ते की दुकान पर पड़ी। राजा अपनी पत्नी के साथ दुकान लगाकर गुलदस्ते बेच रहा था। एसपी ने दुकान पर पहुंचकर गुलदस्ते खरीदे और उनका निर्धारित मूल्य चुकाया। इस पहल से उन्होंने मेहनत और ईमानदारी से आजीविका कमाने के प्रयास को प्रोत्साहित किया।
अपराध छोड़ सम्मानजनक जीवन की ओर ‘नई दिशा’
गुना पुलिस द्वारा चलाया जा रहा ‘नई दिशा अभियान’ पारदी समुदाय के लोगों को अपराध से दूर रहकर शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के माध्यम से समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की पहल है। अभियान का उद्देश्य लोगों को आत्मनिर्भर बनाना और सम्मानजनक जीवन जीने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करना है।
राजा पारदी की दुकान पर एसपी का पहुंचना इसी पहल का सकारात्मक संदेश माना जा रहा है। पुलिस की इस पहल से सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने और पुलिस-जनता के बीच विश्वास मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।







