दीपावली पर गुना के बाजारों में बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था, 5 से 11 नवंबर तक बापू पार्क में पार्किंग

कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल और एसपी हितिका वासल ने दिए निर्देश, अतिक्रमण हटेगा, कई मार्गों पर वन-वे व्यवस्था लागू होगी
गुना | द्वारका न्यूज़ | 13 अक्टूबर 2026
गुना। दीपावली के त्योहार पर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की तैयारी शुरू कर दी है। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल और पुलिस अधीक्षक हितिका वासल की उपस्थिति में आयोजित बैठक में प्रमुख चौराहों से अतिक्रमण हटाने, पार्किंग व्यवस्था बनाने और यातायात को सुगम करने के लिए कई अहम निर्देश दिए गए।
बापू पार्क में 5 से 11 नवंबर तक पार्किंग
दीपावली के दौरान बाजार आने वाले लोगों की सुविधा के लिए बापू पार्क में 5 से 11 नवंबर 2026 तक पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए पार्क में लगने वाली दुकानों को हटाया जाएगा। उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में भी वाहनों की पार्किंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इन इलाकों में बदलेगी व्यवस्था
हनुमान चौराहे पर फूल विक्रेताओं को पीछे शिफ्ट करने, रेलवे तिराहे पर अस्थायी दुकानों को पीछे कर सड़क पर मार्किंग कराने और सहकारी बैंक के पास सशुल्क पार्किंग विकसित करने पर निर्णय लिया गया। जयस्तंभ चौराहे पर अतिक्रमण हटाकर सफेद लाइनिंग के जरिए ऑटो पार्किंग व्यवस्थित की जाएगी।
भुल्लनपुरा रेलवे ब्रिज के दोनों ओर से सब्जी एवं अन्य ठेले हटाने और सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी चर्चा हुई। बजरंगगढ़ की ओर से आने वाले चारपहिया वाहनों को बायपास की तरफ डायवर्ट करने की योजना पर विचार किया गया, ताकि जयस्तंभ चौराहे पर जाम की स्थिति न बने।
वन-वे व्यवस्था और भारी वाहनों पर रोक
रेलवे ब्रिज पर भारी वाहनों का प्रवेश रोकने के लिए निर्धारित ऊंचाई पर गर्डर लगाने पर चर्चा हुई। लाहोटी तिराहे पर वन-वे व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए। सगुन चौराहे से सदर बाजार की ओर जाने वाले मार्ग पर भी वन-वे व्यवस्था प्रस्तावित की गई है, जहां केवल दोपहिया वाहनों को अनुमति देने की बात कही गई। बोहरा मस्जिद के पास कचरा स्थल की सफाई कराने के लिए नगर पालिका को निर्देशित किया गया।
बैठक में जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन, एसडीएम शिवानी पांडे, डिप्टी कलेक्टर देवांशी शिवहरे एवं महिमा चौधरी, सीएमओ शैलेश अवस्थी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
द्वारका न्यूज़ | प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर







