सिसौदिया कॉलोनी में चाकूबाजी: पुरानी रंजिश में दो युवकों पर हमला, दोनों आरोपी गिरफ्तार

नितिन रजक पर चाकू से किए 3-4 वार, बीच-बचाव करने आया राहुल भी घायल; पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भिजवाया
गुना | द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक: विक्रम सिंह तोमर
23 अक्टूबर 2026
गुना। शहर की सिसौदिया कॉलोनी में पुरानी रंजिश को लेकर हुई चाकूबाजी के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
माता की झांकी देखने निकले थे युवक
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 की रात फरियादी नितिन रजक निवासी कोल्हूपुरा अपने दोस्त सौरभ कुशवाह और राहुल नागर के साथ माता की झांकी देखने निकला था। इसी दौरान सिसौदिया कॉलोनी में विक्की जसिया से उनका सामना हुआ। पुरानी रंजिश को लेकर विवाद बढ़ने पर आरोपी ने नितिन पर चाकू से तीन-चार वार कर दिए। हमले में नितिन के पेट, हाथ सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे राहुल नागर पर भी चाकू से हमला किया गया।
मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 646/26 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना में मयंक सेन की संलिप्तता सामने आने पर प्रकरण में अन्य वैधानिक धाराएं भी जोड़ी गईं।
पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन तथा सीएसपी सैफा हासमी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 21 अक्टूबर को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
1. विक्की जसिया (20 वर्ष), निवासी दुर्गा कॉलोनी, गुना।
2. मयंक सेन (20 वर्ष), निवासी राधा कॉलोनी, गुना।
पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय
इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा सहित सहायक उपनिरीक्षक अमर सिंह भदौरिया, जनक शर्मा, प्रधान आरक्षक दिग्लेश धाकड़ तथा आरक्षक नीलेश रघुवंशी, राजीव रघुवंशी, नवदीप अग्रवाल, जितेंद्र वर्मा और हरवीर बागड़ी की भूमिका रही।
गुना पुलिस ने कहा कि शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और हिंसक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।









