बेरखेड़ी लूटकांड में पुलिस का शिकंजा: 6 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार की तलाश

घर में घुसकर लूटा पर्स, विरोध करने पर ग्रामीणों पर की थी फायरिंग; तीन लोग हुए थे घायल
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
23 अक्टूबर 2026
गुना | द्वारका न्यूज़
गुना जिले के धरनावदा थाना क्षेत्र के ग्राम बेरखेड़ी में लूट और फायरिंग की सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार कर जेल पहुंचा दिया है। घटना के कुछ ही घंटों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस अब तक छह आरोपियों को पकड़ चुकी है। मामले में फरार अंतिम आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पर्स लूटकर भाग रहे बदमाशों ने की फायरिंग
घटना 20-21 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि की है। ग्राम बेरखेड़ी में वीरेंद्र धाकड़ के घर में घुसे बदमाश पर्स लूटकर भागने लगे। पर्स में करीब 30 हजार रुपये मूल्य के चांदी के जेवरात, आधार कार्ड, वोटर कार्ड और अन्य दस्तावेज रखे थे। शोर सुनकर फरियादी के परिवारजन और ग्रामीण जाग गए तथा बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया। इस पर आरोपियों ने फायरिंग कर दी, जिसमें रंजीत धाकड़, मोहन मोगिया और छोटू धाकड़ छर्रे लगने से घायल हो गए।
मामले में धरनावदा थाने में अपराध क्रमांक 227/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पहले पांच, फिर छठा आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देश पर गठित टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 21 अक्टूबर को पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें गिर्राज पारदी, जोनी पारदी, रामदास पारदी, टीनू बाई पारदी और प्रियंका पारदी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 12 बोर बंदूक, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, चांदी की एक जोड़ी पायल, दो जोड़ी बिछुड़ी और अन्य दस्तावेज जब्त किए। जांच में कुल सात लोगों की संलिप्तता सामने आई। पुलिस के अनुसार, दोनों महिला आरोपियों ने वारदात से पहले गांव में रेकी की थी।
एक और आरोपी जेल पहुंचा, अंतिम की तलाश जारी
पुलिस ने 23 अक्टूबर को फरार आरोपी टावर पुत्र धीरव पारदी (20), निवासी ग्राम कनेरा, को गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
अब इस मामले में छह आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि अंतिम फरार आरोपी टोमी पारदी की तलाश जारी है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में धरनावदा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रुहिल शर्मा, झागर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अनिल कदम सहित थाना और चौकी के पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।
द्वारका न्यूज़ | जनता की आवाज









