गुना के गुलाब प्रोजेक्ट को मिला स्कॉच अवार्ड 2025 

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुना के गुलाब प्रोजेक्ट को मिला स्कॉच अवार्ड 2025 

द्वारका न्यूज़ नई दिल्ली

प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर 

गुलाबों के शहर ‘गुना’ ने रचा राष्ट्रीय कीर्तिमान

गुना 20 सितम्बर 2025

नई दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर, लोधी रोड पर आज आयोजित स्कॉच समिट 2025 में मध्यप्रदेश के गुना जिले को देश के सर्वोच्च नवाचार सम्मान “स्कॉच पुरस्कार 2025” से अलंकृत किया गया। यह सम्मान गुना जिले की उद्यानिकी विभाग की अभिनव परियोजना “गुना – गुलाबों के नगर की ओर बढ़ते कदम : पॉलीहाउस के माध्यम से पुष्प क्रांति” को प्रदान किया गया। यह पुरस्कार कलेक्टर श्री किशोर कन्याल एवं उपसंचालक उद्यानिकी श्री के. पी. एस. किरार ने संयुक्त रूप से प्राप्त किया।

कार्यक्रम में भारत सरकार के केंद्रीय राज्य मंत्री (सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय, विदेश मंत्रालय) श्री एल. मुरूगन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पुरस्कार वितरण श्री समीर कोचर, अध्यक्ष स्कॉच समूह द्वारा किया गया। इस अवसर पर उनकी पुस्तक “मोदीनॉमिक्स : समावेशी विकास की यात्रा” का विमोचन भी केंद्रीय राज्य मंत्री श्री एल. मुरूगन के करकमलों से सम्पन्न हुआ।.

भारत में स्कॉच पुरस्कार को राष्ट्रीय उत्कृष्टता का मानदण्ड माना जाता है, और यह केवल उन्हीं योजनाओं को प्रदान किया जाता है जो नवाचार, पारदर्शिता, ईमानदारी तथा श्रेष्ठ कार्यान्वयन के उच्चतम मानकों पर खरी उतरती हैं।

कलेक्टर गुना श्री किशोर कन्याल ने इस अवसर पर कहा कि “गुना जिले को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाली इस उपलब्धि से हमारा संकल्प और दृढ़ हुआ है। आगामी पाँच वर्षों में हम गुना में पॉलीहाउस गुलाबों का क्षेत्रफल बढ़ाकर 500 एकड़ तक करेंगे।”

उपसंचालक उद्यान श्री के. पी. एस. किरार ने कहा कि “यह सफलता कलेक्टर श्री कन्‍याल के दिशा निर्देशन में जिले की उद्यानिकी टीम, किसान उद्यमियों तथा सभी सहयोगी संस्थाओं के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।”

आयुक्त सह संचालक उद्यानिकी, मध्यप्रदेश श्रीमती प्रीति मैथिल ने भी इस उपलब्धि पर गुना जिले की टीम को हार्दिक बधाई दी।

यह उपलब्धि न केवल गुना जिले के लिए बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय है।

 

 

 

Vikram singh tomar
Author: Vikram singh tomar

DWARKA NEWS NATIONAL NETWORK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें