हनुमान गली में साइड मांगने पर मारपीट, दो आरोपी गिरफ्तार

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से हुई पहचान, तीसरे आरोपी की तलाश जारी
गुना | द्वारका न्यूज़ | प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
11 सितंबर 2026
गुना। शहर की हनुमान गली में साइड मांगने को लेकर युवक से मारपीट के मामले में गुना कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को तलैया मोहल्ला निवासी अभय कलावत (25) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह स्कूटी से बाजार जा रहा था। हनुमान गली में पैदल चल रहे 2-3 लोगों से साइड मांगने पर उन्होंने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की।
मामले में कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 497/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान की।
11 सितंबर को पुलिस ने समीर पुत्र हबीब खान (27), निवासी कर्नेलगंज और आशिक पुत्र काले खां (26), निवासी हड्डीमील को हिरासत में लिया। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








