संघ लोक सेवा आयोग का परिणाम घोषित, गुना जिले की देवांगी मीणा और नीरज निश्चल ने राष्ट्रीय स्तर पर गुना का नाम रोशन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संघ लोक सेवा आयोग का परिणाम घोषित, गुना जिले की देवांगी मीणा और नीरज निश्चल ने राष्ट्रीय स्तर पर गुना का नाम रोशन

द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क

प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर

गुना

। संघ लोक सेवा आयोग ने नागरिक सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में गुना जिले के दो प्रतिभावान अभ्यर्थियों ने शानदार सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। कुंभराज की देवांगी मीणा ने अखिल भारतीय स्तर पर 236वीं रैंक प्राप्त की है, वहीं गुना में पदस्थ वन विभाग के अधिकारी नीरज निश्चल ने 241वीं रैंक हासिल की है। कुंभराज क्षेत्र की रहने वाली देवांगी मीणा ने लगातार दूसरी बार इस कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। वर्ष 2024 की परीक्षा में उन्होंने 764वीं रैंक हासिल की थी, जिसके आधार पर उनका चयन भारतीय राजस्व सेवा के लिए हुआ था। हालांकि, उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और इस बार 236वीं रैंक प्राप्त कर भारतीय प्रशासनिक सेवा में अपनी जगह पक्की कर ली है। देवांगी के पिता लीलाधर मीणा नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड में कार्यरत हैं। अपनी सफलता का मंत्र साझा करते हुए देवांगी ने बताया कि उन्होंने रोजाना लगभग आठ घंटे पढ़ाई की और परीक्षा की जरूरतों को समझकर अपनी रणनीति तैयार की। उनकी स्कूली शिक्षा दिल्ली पब्लिक स्कूल एनएफएल विजयपुर से हुई है, जिसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के मिरांडा हाउस से स्नातक और दिल्ली स्कूल आॅफ इकोनॉमिक्स से स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की।

 

एसडीओ फॉरेस्ट नीरज निश्चल का भी चयन

 

गुना में वर्तमान में उप मंडल वन अधिकारी के पद पर पदस्थ भारतीय वन सेवा अधिकारी नीरज निश्चल ने भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने इस वर्ष की परीक्षा में 241वीं रैंक प्राप्त की है। इससे पहले वर्ष 2022 में भी उनका चयन संघ लोक सेवा आयोग के माध्यम से हुआ था, तब वे भारतीय वन सेवा के लिए चुने गए थे। पिछले छह महीने से गुना में पदस्थ नीरज अब भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी के रूप में देश की सेवा करेंगे। नागरिक सेवा 2025 की प्रारंभिक परीक्षा 25 मई 2025 को आयोजित की गई थी, जिसके बाद मुख्य परीक्षा 22 अगस्त से 31 अगस्त 2025 के बीच संपन्न हुई। सफल उम्मीदवारों के साक्षात्कार (व्यक्तित्व परीक्षण) 27 फरवरी 2026 को समाप्त हुए थे, जिसके बाद आज अंतिम परिणाम जारी किए गए।

Vikram singh tomar
Author: Vikram singh tomar

DWARKA NEWS NATIONAL NETWORK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें