जनसमस्याओं का निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : कलेक्टर श्री कन्‍याल  द्वारका न्यूज़

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

  1. जनसमस्याओं का निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : कलेक्टर श्री कन्‍याल

द्वारका न्यूज़

प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर

5 मई 2026

जिला स्तरीय जनसुनवाई में 192 आवेदनों के निराकरण के निर्देश, जरूरतमंदों को मिली आर्थिक सहायता

गुना, 05 मई 2026

 

जिला कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन ने तत्परता दिखाई। कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्‍याल ने विभिन्न आवेदनों पर सीधे आवेदकों से चर्चा कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनसुनवाई में सीमांकन, बिजली, पेंशन, नगरपालिका, स्वास्थ्य एवं नामांतरण से जुड़े कुल 192 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके शीघ्र निराकरण के निर्देश मौके पर ही दिए गए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक आवेदन पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जरूरतमंदों को मिली आर्थिक सहायता

जनसुनवाई के दौरान मानवता का संवेदनशील पक्ष भी देखने को मिला। उकावदखुर्द निवासी श्री कालूराम अहिरवार ने जूता व्यवसाय प्रारंभ करने के लिए सहायता की मांग की, वहीं श्रीमती गायत्री धाकड़ ने अपने पति के इलाज हेतु आर्थिक सहयोग का आवेदन दिया। कलेक्टर श्री कन्‍याल ने दोनों मामलों में सहानुभूतिपूर्वक निर्णय लेते हुए रेडक्रॉस के माध्यम से 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि के चेक प्रदान किए। सहायता प्राप्त कर आवेदकों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

स्वास्थ्य व आधार सेवाओं का लाभ

जनसुनवाई के दौरान नागरिकों को विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 70 से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए गए, साथ ही नेत्र परीक्षण एवं एचआईवी जांच जैसी सेवाएं भी दी गईं। बड़ी संख्या में नागरिकों ने इन सुविधाओं का लाभ उठाया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक लोगों को आधार और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिले, इसके लिए विशेष प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, संयुक्‍त कलेक्‍टर डॉ. संजीव खेमरिया सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Vikram singh tomar
Author: Vikram singh tomar

DWARKA NEWS NATIONAL NETWORK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें