मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव 2026 की सरगर्मियां तेज
भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय निर्वाचन आयोग ने 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है, जिसमें मध्य प्रदेश की 3 सीटें भी शामिल हैं।
निर्वाचन आयोग के अनुसार मध्य प्रदेश में राज्यसभा सीटों के लिए मतदान 18 जून 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। इसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना की जाएगी।
चुनाव कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा:
– नामांकन की अंतिम तिथि – 8 जून 2026
– नामांकन पत्रों की जांच – 9 जून 2026
– नाम वापसी की अंतिम तिथि – 11 जून 2026
– मतदान एवं मतगणना – 18 जून 2026
विधानसभा में वर्तमान संख्या बल के अनुसार बीजेपी के पास 164 और कांग्रेस के पास 64 विधायक हैं। ऐसे में बीजेपी के खाते में 2 सीटें और कांग्रेस के खाते में 1 सीट जाना लगभग तय माना जा रहा है।
बीजेपी की ओर से संभावित उम्मीदवारों में कैलाश विजयवर्गीय, नरोत्तम मिश्रा, अरविंद भदौरिया और रंजना बघेल के नाम चर्चा में हैं। वहीं संघ पृष्ठभूमि से अभय महाजन और महेश शर्मा के नाम भी सुर्खियों में बताए जा रहे हैं।
जिन तीन सीटों पर चुनाव होना है, उनमें वर्तमान में कांग्रेस के दिग्विजय सिंह तथा बीजेपी के जॉर्ज कुरियन और सुमेर सिंह सोलंकी सदस्य हैं। इनका कार्यकाल जून 2026 में समाप्त हो रहा है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि बीजेपी केंद्रीय नेतृत्व जल्द ही उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची जारी कर सकता है।









