15 दिन से ज़हर बनकर बह रहा नल का पानी, डेढ़ दर्जन से अधिक बच्चे बीमार
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
जिला संवाददाता मोहनीश भार्गव
श्रीराम कॉलोनी और बूढ़े बालाजी में दूषित जल सप्लाई से हड़कंप, शिकायतों के बाद भी नहीं जागा प्रशासन
गुना। शहर के बूढ़े बालाजी और श्रीराम कॉलोनी क्षेत्र में पिछले करीब 15 दिनों से दूषित पानी की सप्लाई होने से लोगों में भारी आक्रोश है। हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि क्षेत्र के डेढ़ दर्जन से अधिक बच्चे उल्टी-दस्त, पेट दर्द, पीलिया और हेपेटाइटिस जैसी बीमारियों की चपेट में आकर अस्पताल पहुंच चुके हैं। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि वे लगातार वार्ड क्रमांक-23 के पार्षद और नगर पालिका के जल प्रकोष्ठ विभाग को शिकायतें दे रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं। दूषित पानी की सप्लाई आज भी जारी है, जिससे लोगों में भय और नाराजगी दोनों बढ़ते जा रहे हैं
परिजनों का कहना है कि बच्चों की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा। लगातार बढ़ रहे मरीजों के बावजूद प्रशासन द्वारा अब तक न तो पाइपलाइन की व्यापक जांच कराई गई और न ही दूषित पानी की सप्लाई को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि पेयजल की गुणवत्ता की तत्काल जांच कराई जाए, जल टंकियों की सफाई कराई जाए और लीकेज पाइपलाइन को दुरुस्त कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि आगे और लोग बीमार न हों।








