राजस्थान बस हादसा: हरिद्वार से लौट रहे यात्रियों की बस बनी आग का गोला, 8 की मौत, कई परिवारों में मातम
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
1 जुलाई 2026
आंखों के सामने जलते रहे यात्री, मदद की चीखों के बीच मची अफरा-तफरी
खबर:
राजस्थान के दौसा जिले में हुए दर्दनाक बस हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। हरिद्वार से इंदौर लौट रहे यात्रियों से भरी बस अचानक भीषण आग की चपेट में आ गई, जिससे बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे में मध्यप्रदेश के 6 लोगों समेत कुल 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही यात्रियों में जान बचाने की होड़ मच गई। कुछ लोग किसी तरह बस से बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कई यात्री अंदर ही फंस गए। बताया जा रहा है कि एक पति अपनी पत्नी को बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन आग की तेज लपटों ने उसे बाहर निकालने का मौका नहीं दिया।
मृतकों में बड़वाह के होटल संचालक दीपक सिंह तंवर भी शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे से कुछ समय पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर यात्रा से जुड़ा एक स्टेटस साझा किया था। हादसा इतना भयावह था कि कुछ शव बुरी तरह झुलस गए, जिनकी पहचान के लिए डीएनए जांच की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य देर रात तक जारी रहा। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।






