गुना: सावन के पावन सोमवार पर श्री पशुपतिनाथ महादेव ने धारण किया श्री जगन्नाथ परिवार का दिव्य स्वरूप, दर्शन को उमड़ी भक्तों की भारी भीड़
जिला संवाददाता मोहनीष भार्गव

गुना के पुराना बस स्टैंड स्थित श्री पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में सावन सोमवार पर भगवान का श्री जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा स्वरूप में भव्य श्रृंगार किया गया। दर्शन के लिए दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
गुना | द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क
प्रधान संपादक: विक्रम सिंह तोमर
21 जुलाई 2026 | गुना
सावन मास के पावन सोमवार पर गुना के पुराना बस स्टैंड, देवी रोड स्थित श्री पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में भगवान पशुपतिनाथ का दिव्य एवं अलौकिक श्रृंगार श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना। इस बार भगवान को श्री जगन्नाथ जी, श्री बलभद्र जी एवं माता सुभद्रा जी के दिव्य स्वरूप से प्रेरित होकर विशेष रूप से सजाया गया, जिसके दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
प्रातःकाल महाअभिषेक एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजन संपन्न हुआ। इसके बाद पंचमुखी भगवान पशुपतिनाथ का भव्य श्रृंगार किया गया। रंग-बिरंगे पुष्पों की मालाएँ, नागराज का आकर्षक अलंकरण और मनोहारी सजावट ने मंदिर परिसर को आध्यात्मिक आभा से आलोकित कर दिया। वहीं माता पार्वती का भी विशेष श्रृंगार किया गया, जिनके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।
मंदिर परिसर दिनभर “हर-हर महादेव” और “जय जगन्नाथ” के जयघोष से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक, बेलपत्र अर्पित कर भगवान से सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और परिवार की मंगलकामना की। सुबह से देर शाम तक दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।






