Offline
Online
Viewers 0

गुना के सारेंठा गांव में वारदात के चंद घंटों में सिरसी पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोचा, न्यायालय ने जेल भेजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जमीन विवाद में चली गोली, एक की मौत; पिता-पुत्र गिरफ्तार

गुना के सारेंठा गांव में वारदात के चंद घंटों में सिरसी पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोचा, न्यायालय ने जेल भेजा

गुना | द्वारका न्यूज़

मध्यप्रदेश के गुना जिले के सिरसी थाना क्षेत्र के ग्राम सारेंठा में पुरानी जमीन की रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान हुई मारपीट और गोलीबारी में विजय यादव की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भारत सिंह यादव और उसके बेटे विशाल यादव को वारदात के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेशी के बाद दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुरानी रंजिश में मारपीट और फायरिंग

पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 की रात ग्राम सारेंठा में जमीन विवाद को लेकर भारत सिंह यादव और उसके बेटे विशाल यादव का वीर बहादुर यादव, शांतनु यादव एवं विजय यादव से विवाद हो गया। इस दौरान मारपीट और बंदूक से फायरिंग हुई, जिसमें विजय यादव की जांघ में गोली लग गई। गोली लगने से उसकी मृत्यु हो गई।

घटना के बाद सिरसी थाना पुलिस ने भारत सिंह यादव और विशाल यादव के खिलाफ अपराध क्रमांक 103/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 3(5), 115(2), 296(बी) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने चंद घंटों में पकड़े आरोपी

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन और एसडीओपी गुना हेमंत पाण्डेय के नेतृत्व में सिरसी थाना पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर तलाश अभियान चलाया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारत सिंह यादव (50), पुत्र माधौ सिंह यादव, और विशाल यादव (29), पुत्र भारत सिंह यादव, दोनों निवासी ग्राम सारेंठा, को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

कार्रवाई में सिरसी थाना प्रभारी उपनिरीक्षक महेन्द्र सिंह चौहान, उपनिरीक्षक गुणसागर मीना, सहायक उपनिरीक्षक कृष्णमुरारी तिवारी, प्रधान आरक्षक विजय सिंह परिहार एवं लालाराम शर्मा तथा आरक्षक रविन्द्र पाल, राजू पाल, सचिन कुमार और भूर सिंह भिलाला की भूमिका रही।

पुलिस के अनुसार, जिले में हिंसक अपराधों पर अंकुश लगाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Vikram singh tomar
Author: Vikram singh tomar

DWARKA NEWS NATIONAL NETWORK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें