गुना में सवर्ण आर्मी का बड़ा ऐलान: आर्थिक आधार पर आरक्षण समेत 3 मांगों को लेकर 31 अगस्त को निकलेगी रैली
द्वारका न्यूज़ 26 अगस्त 2026
गुना। आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने, यूजीसी के फैसलों को वापस लेने तथा एससी-एसटी एक्ट में सुधार एवं संशोधन की मांग को लेकर सवर्ण आर्मी संगठन गुना ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। दुर्गा कॉलोनी स्थित अखिल भारतीय सनाढ्य ब्राह्मण धर्मशाला में आयोजित बैठक में सवर्ण समाज की विभिन्न जातियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और केंद्र एवं राज्य सरकार से तीनों प्रमुख मांगों पर शीघ्र विचार करने की मांग उठाई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो दिल्ली के जंतर-मंतर की तर्ज पर मध्यप्रदेश के प्रत्येक जिले में आंदोलन खड़ा किया जाएगा। इसी क्रम में 31 अगस्त 2026 को गुना में रैली निकालकर जिला कलेक्टर को तीनों मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा जाएगा।
सवर्ण आर्मी गुना के जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह तोमर ने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को न्याय और समानता का अधिकार दिलाना है। उन्होंने कहा कि आरक्षण का आधार आर्थिक स्थिति होना चाहिए, ताकि सामान्य, ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग के गरीब परिवारों को भी समान अवसर मिल सके।
बैठक में सनाढ्य ब्राह्मण समाज के जिला अध्यक्ष एस.के. राजोरिया ने आगामी आंदोलन की रूपरेखा एवं दिशा-निर्देशों का वाचन किया। वक्ताओं ने कहा कि समाज में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बड़ी संख्या है और उन्हें भी शिक्षा एवं रोजगार के समान अवसर मिलना चाहिए।
बैठक में वक्ताओं ने आरक्षण व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि “अब अन्याय सहन नहीं किया जाएगा।” उनका आरोप था कि वर्तमान व्यवस्था में कई बार कम अंक वाले अभ्यर्थी चयनित हो जाते हैं, जबकि अधिक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी अवसर से वंचित रह जाते हैं। संगठन ने जातिगत आरक्षण की जगह आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग दोहराई।
तीन प्रमुख मांगें
1. आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू किया जाए।
2. यूजीसी के संबंधित फैसलों को वापस लिया जाए।
3. एससी-एसटी एक्ट में सुधार एवं आवश्यक संशोधन किया जाए।
संगठन ने स्पष्ट किया कि 31 अगस्त की रैली के बाद आंदोलन को और व्यापक स्तर पर ले जाने की रणनीति बनाई जाएगी। अब सभी की नजरें गुना में होने वाली इस रैली और प्रशासन को सौंपे जाने वाले ज्ञापन पर टिकी हैं।









