गुना में चोरी की दो वारदातों का खुलासा: कैंट पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोचा, कॉपर वायर, तेल और लहसुन बरामद
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर

गुना, 2 सितंबर 2026। संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुना की कैंट थाना पुलिस ने चोरी की दो अलग-अलग वारदातों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का कॉपर वायर, सोयाबीन ऑइल के बॉक्स और लहसुन के कट्टे बरामद किए हैं।
पहले मामले में पत्रकार कॉलोनी स्थित निर्माणाधीन रिसोर्ट से चोरी किए गए कॉपर वायर के प्रकरण में पुलिस ने मुकेश केवट (23) को गिरफ्तार कर करीब 7 किलो अधजली हालत में कॉपर वायर बरामद किया, जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले में एक अन्य आरोपी फरार है।
दूसरे मामले में बारां से गुना लाए जा रहे सामान में से सोयाबीन ऑइल के बॉक्स और लहसुन के कट्टे गायब मिले थे। जांच के बाद पुलिस ने ट्रक चालक लाला उर्फ कृष्णपाल कुशवाह (26) और रामवीर यादव (22) को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर 10 बॉक्स सोयाबीन ऑइल और 7 कट्टे लहसुन बरामद किए गए।
कार्रवाई में सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









