Offline
Online
Viewers 0

*ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म अमेजन से महंगे मोबाइल मंगाते, रिफंड भी लेते और मोबाइल भी रख लेते थे*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म अमेजन से महंगे मोबाइल मंगाते, रिफंड भी लेते और मोबाइल भी रख लेते थे*

 द्वारका न्यूज़

प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर 

 3 सितंबर 2026 

 

*कैंट थाना पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के ‘रिफंड खेल’ का किया पर्दाफाश, मुख्य आरोपी सहित दो गिरफ्तार*

*फर्जी नाम, सिम एवं अमेजन अकाउंट बनाकर करते थे धोखाधड़ी, रिफंड प्रक्रिया का दुरुपयोग कर दोहरा लाभ कमाने का खुलासा*

*एक ईव्ही कार कीमती 35 लाख एवं दो मोबाइल फोन कीमती 02 लाख सहित कुल लगभग 37 लाख रुपए मूल्य का मशरूका बरामद*

*धोखाधडी के इस खेल में आरोपियों द्वारा करोड़ों रुपए की संपत्ति अर्जित करने की संभावना, जांच जारी*

गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में साइबर अपराधों, ठगी, धोखाधड़ी, गबन एवं अन्य आर्थिक मामलों से जुड़े अपराधों को गंभीरता से लेते हुए ऐसे अपराधों में निरंतर सख्त एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं प्रभारी सीएसपी गुना श्री आनंद राय के पर्यवेक्षण में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव और उनकी टीम ने ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म अमेजन की रिफंड प्रक्रिया का दुरुपयोग कर महंगे मोबाइल फोन हड़पने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है । मामले में मुख्य आरोपी शेखर मीना एवं उसके सहयोगी तरुण शर्मा को गिरफ्तार किया गया है ।

धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब दिनांक 31 अगस्त 2026 को एक व्यक्ति द्वारा कैंट थाने में शिकायत की गई कि शेखर मीना नामक व्यक्ति ने अमेजन एप पर लगभग 65 हजार रुपये कीमत का वनप्लस मोबाइल फोन उसे मात्र 45 हजार रुपये में देने का लालच दिया तथा एडवांस के रूप में 12 हजार रुपये प्राप्त कर लिए । इसके बाद शेखर मीना ने उसे न तो मोबाइल उपलब्ध कराया और न ही उसकी राशि वापस की । शिकायत की जांच के दौरान पुलिस द्वारा संदिग्ध शेखर मीना को तलब कर पूछताछ की गई । पूछताछ में ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से बड़े स्तर पर की जा रही धोखाधड़ी का चौंकाने वाला खुलासा हुआ ।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शेखर मीना अमेजन एप पर फर्जी नामों एवं अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कई यूजर आईडी/अकाउंट तैयार करता था । इन अकाउंट से महंगे मोबाइल फोन प्री-पेड भुगतान कर ऑर्डर किए जाते थे । मोबाइल की डिलीवरी आने पर आरोपी डिलीवरी कर्मचारी को घर पर मौजूद नहीं होने की बात कहकर पार्सल की डिलीवरी होल्ड करवा देता था । इसके बाद अमेजन की रिफंड प्रक्रिया का अनुचित लाभ उठाकर ऑर्डर की पूरी राशि अपने बैंक खाते में रिफंड के रूप में प्राप्त कर लेता था । रिफंड प्राप्त करने के बाद आरोपी संबंधित कूरियर कंपनी के कर्मचारियों से संपर्क कर उसी मोबाइल का पार्सल भी प्राप्त कर लेता था । आरोपी एक ओर मोबाइल की पूरी कीमत रिफंड के रूप में वापस प्राप्त करता और दूसरी ओर वही मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लेता था ।

पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी की संदिग्ध गतिविधियों के कारण जब उसका अमेजन अकाउंट ब्लॉक हो जाता था, तो वह नए फर्जी नाम एवं मोबाइल नंबर से नया अकाउंट तैयार कर लेता था । इसके लिए बड़ी संख्या में सिम कार्ड एवं मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किया जाता था । जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि एक टेलीकॉम कंपनी का कर्मचारी आरोपी को सिम कार्ड उपलब्ध कराने तथा ओटीपी के माध्यम से अमेजन अकाउंट तैयार कराने में सहायता करता था । पुलिस द्वारा इस संबंध में भी विस्तृत जांच की जा रही है ।

आरोपी द्वारा धोखाधड़ी से प्राप्त महंगे मोबाइल फोन अपने परिचित मोबाइल दुकानदारों एवं अन्य व्यक्तियों को कम कीमत पर बेच दिए जाते थे । इस प्रकार बिना भुगतान किए प्राप्त मोबाइल फोन को बाजार में खपाकर आरोपी आर्थिक लाभ अर्जित करता था । जांच में विभिन्न बैंक खातों के साथ-साथ कुछ अवसरों पर परिवार के सदस्यों एवं अन्य व्यक्तियों के बैंक खातों का उपयोग ऑनलाइन लेन-देन के लिए किए जाने की जानकारी भी सामने आई है ।

पूछताछ में इस नेटवर्क में अन्य व्यक्तियों के भी शामिल होने की जानकारी सामने आई है, जिन्हें पुलिस द्वारा चिन्हित कर धोखाधड़ी के इस नेटवर्क में शामिल मुख्य आरोपी शेखर मीना सहित कुल 14 आरोपियों के विरुद्ध दिनांक 02 सितम्बर 2026 को कैंट थाने में अपराध क्रमांक 758/26, धारा 318(4), 319(2), 316(2), 61(2) बीएनएस एवं 66(C), 66(D) आईटी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ।

प्रकरण में कैंट थाना पुलिस ने तत्परता से कार्यवाही करते हुए दिनांक 02 सितम्बर 2026 को ही मुख्य आरोपी 1-शेखर पुत्र भगतराम मीना उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम विलौदा थाना बमौरी जिला गुना एवं 2-तरुण शर्मा निवासी साढ़ा कॉलोनी राघौगढ़ को गिरफ्तार कर लिया गया । पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ईव्ही कार कीमती 35 लाख रूपए एवं दो मोबाइल फोन कीमती 02 लाख रुपए सहित कुल कीमती लगभग 37 लाख रुपए मूल्य का मशरूका भी बरामद किया है । धोखाधडी के इस खेल में आरोपियों द्वारा करोड़ों रुपए की संपत्ति अर्जित करने की संभावना है, जिसके संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है ।

पुलिस द्वारा गिरफ्तारशुदा आरोपियों को माननीय न्यायालय से विधिवत पुलिस रिमांड पर लिया गया है । रिमांड के दौरान आरोपियों से उनके मोबाइल फोन, सिम कार्ड, बैंक खातों, अमेजन अकाउंट, ऑनलाइन लेन-देन, कूरियर नेटवर्क एवं मोबाइल बिक्री से जुड़े अन्य स्रोतों के संबंध में पूछताछ की जा रही है । साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों द्वारा अब तक कितने मोबाइल फोन इस तरीके से प्राप्त किए गए, कितनी राशि की धोखाधड़ी की गई तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य कौन-कौन से व्यक्ति हैं । प्रकरण में अन्य आरोपियों की भूमिका एवं फरार आरोपियों की तलाश जारी है । पुलिस द्वारा प्रकरण से जुड़े अन्य मामलों के खुलासे एवं आरोपियों के नेटवर्क तक पहुंचने के लिए भी विस्तृत विवेचना की जा रही है ।

कैंट थाना पुलिस की इस उल्लेखनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, उपनिरीक्षक अजय प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक भूपेंद्र शर्मा, प्रधान आरक्षक नरेंद्र रघुवंशी, आरक्षक नीलेश रघुवंशी, आरक्षक राजीव रघुवंशी, आरक्षक संजय जाट, आरक्षक महेंद्र वर्मा, आरक्षक धर्मेंद्र रघुवंशी एवं आरक्षक रवि जाट की महत्वपूर्ण भूमिका रही है ।

Vikram singh tomar
Author: Vikram singh tomar

DWARKA NEWS NATIONAL NETWORK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें