बजरंगढ़ में गूंजेगा ‘गणपति बप्पा मोरया’, 10 दिन चलेगा भव्य गणेश जन्मोत्सव

श्री गणपति मंदिर में अभिषेक, महाआरती, अखंड रामायण और भजन संध्या समेत होंगे अनेक धार्मिक आयोजन
द्वारका न्यूज़ प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर | 12 सितंबर 2026
गुना। ऐतिहासिक ग्राम बजरंगढ़ के मुख्य बाजार स्थित प्रसिद्ध श्री गणपति मंदिर में इस वर्ष गणेश जन्मोत्सव धूमधाम और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। 14 सितंबर से शुरू होने वाला दस दिवसीय गणेश जन्मोत्सव 25 सितंबर तक विभिन्न धार्मिक आयोजनों के साथ चलेगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
मंदिर के पुजारी पंडित चंद्रहास राजस्नेह ने बताया कि 14 सितंबर को सुबह भगवान श्री गणेश का अभिषेक एवं विशेष पूजन किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे महाआरती के साथ अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ होगा।
उत्सव के दौरान 22 सितंबर को डोल ग्यारस के अवसर पर ग्राम में डोल निकालने वाले पुजारियों का हिंदू उत्सव एवं समाज सेवा समिति द्वारा सम्मान किया जाएगा। वहीं 25 सितंबर, अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
श्री गणपति मंदिर बजरंगढ़ सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। पुजारी पंडित चंद्रहास राजस्नेह एवं हिंदू उत्सव व समाज सेवा समिति ने क्षेत्रवासियों से सभी धार्मिक आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद प्राप्त करने और धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है।
गणेशोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में प्रतिदिन धार्मिक वातावरण और श्रद्धा का विशेष नजारा देखने को मिलेगा।







