रिलेशनशिप से इनकार किया तो छात्रा को सुनसान जगह बुलाकर पीटा, चार लड़कियों पर FIR
डंडों और लात-घूंसों से की मारपीट, बनाया वीडियो और कर दिया वायरल; 5 सितंबर की घटना, 12 सितंबर को दर्ज हुई शिकायत

द्वारका न्यूज़ | प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
13 सितंबर 2026 | सतना
सतना। जिले में कॉलेज छात्रा के साथ मारपीट का एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में चार लड़कियां एक छात्रा के साथ मारपीट करती नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो करीब एक सप्ताह पुराना है। मामले में पीड़ित छात्रा की शिकायत पर कोलगवां थाना पुलिस ने चार लड़कियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
रिलेशनशिप में आने का बनाया दबाव
पीड़ित छात्रा ने आरोप लगाया है कि आरोपी लड़कियां उस पर एक युवक के साथ रिलेशनशिप में आने का दबाव बना रही थीं। छात्रा के इनकार करने पर उसे कथित तौर पर बहाने से सुनसान स्थान पर बुलाया गया। वहां पहले उसके साथ गाली-गलौज की गई और इसके बाद डंडों, लात और घूंसों से मारपीट की गई।
मारपीट का वीडियो भी बनाया
आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपी लड़कियों ने घटना का वीडियो बनाया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया और पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की।
चार धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने शिकायत के आधार पर चारों लड़कियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296-B, 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। एफआईआर के अनुसार घटना 5 सितंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे हुई थी, जबकि पीड़िता की शिकायत पर 12 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे केस दर्ज किया गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है







