गुना में आज गूंजेगा वीर तेजाजी महाराज का जयघोष, तेजा दशमी पर सजे मेले और मंदिर
द्वारका न्यूज़ प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर 21 सितंबर 2026

गुना। लोक देवता वीर तेजाजी महाराज की आराधना का पर्व तेजा दशमी आज सोमवार, 21 सितंबर को गुना जिले में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक तेजाजी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।
राघौगढ़ क्षेत्र के भादरा गांव सहित जिले के विभिन्न तेजाजी मंदिरों पर धार्मिक आयोजनों के साथ मेलों का आयोजन किया जा रहा है। मंदिर परिसरों के आसपास हाट-बाजार सजाए गए हैं, जहां खिलौने, कपड़े, घरेलू सामान और खान-पान की दुकानों के साथ बच्चों के लिए झूले भी आकर्षण का केंद्र बने हैं।
तेजा दशमी की पूर्व संध्या पर कई मंदिरों में रात्रि जागरण और भजन-कीर्तन हुए। सोमवार को श्रद्धालु विशेष पूजा-अर्चना, महाआरती और भोग लगाकर बाबा तेजाजी से सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। मन्नत पूरी होने पर कई श्रद्धालु वर्षभर से बांधी गई तांती (मन्नत का धागा) मंदिर में आकर खोलते हैं।
वहीं, श्रद्धालु तेजाजी के निशान, रंग-बिरंगी छतरियां और ध्वज लेकर ढोल-नगाड़ों के साथ मंदिरों तक पहुंच रहे हैं। कई स्थानों पर शोभायात्रा, अखाड़ों के प्रदर्शन और भंडारे भी आयोजित किए जा रहे हैं। चूरमा, खीर और पुए का भोग लगाकर श्रद्धालुओं में प्रसादी वितरित की जा रही है।
द्वारका न्यूज़ | गुना







