Offline
Online
Viewers 0

सागर जहरीली शराब कांड: 30 हजार के इनामी मनीष लोधी का पुलिस से शॉर्ट एनकाउंटर, पैर में लगी गोली

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सागर जहरीली शराब कांड: 30 हजार के इनामी मनीष लोधी का पुलिस से शॉर्ट एनकाउंटर, पैर में लगी गोली

 

द्वारका न्यूज़ | प्रधान संपादक – विक्रम सिंह तोमर | 23 सितंबर 2026

20 मौतों के मामले में था वांटेड; साथी आशीष साहू भी घायल, दो कट्टे और पांच खाली कारतूस बरामद

 

सागर। जहरीली शराब कांड में 20 लोगों की मौत के मामले में वांटेड चल रहे 30 हजार रुपए के इनामी आरोपी मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर का बुधवार तड़के पुलिस से मुठभेड़ हो गया। मालथौन थाना क्षेत्र के नोनिया-सेसई रोड घाटी के पास हुई फायरिंग में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान मनीष के पैर में गोली लगी। उसका साथी आशीष साहू भी भागने की कोशिश के दौरान घायल हो गया। दोनों को पुलिस ने हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

 

पुलिस के अनुसार घटना बुधवार 23 सितंबर की सुबह करीब 3 बजे की है। जहरीली शराब मामले में फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम इलाके में सर्चिंग कर रही थी। इसी दौरान नोनिया-सेसई रोड घाटी के पास संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। पुलिस टीम ने आरोपियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की।

 

गोली लगते ही गिरा मनीष

 

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मनीष लोधी के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर मौके पर गिर गया। वहीं उसका साथी आशीष साहू पुलिस से बचकर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन वह भी घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को मौके से पकड़ लिया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

 

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्चिंग की। पुलिस के अनुसार मौके से दो देशी कट्टे, पांच खाली कारतूस और एक बेसबॉल का डंडा बरामद किया गया है। बरामद हथियार और अन्य सामान को पुलिस ने जांच में शामिल कर लिया है।

 

20 मौतों के मामले में था 30 हजार का इनाम

 

मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर को सागर के बड़ा और विनायका थाना क्षेत्र में सामने आए जहरीली शराब मामले में मुख्य आरोपियों में शामिल बताया जा रहा है। जहरीली शराब पीने से 20 लोगों की मौत के बाद पुलिस ने मामले में आरोपियों की धरपकड़ शुरू की थी। मनीष के फरार होने के बाद उसकी गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

 

पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी अभियान के दौरान बुधवार तड़के पुलिस को उसके मालथौन क्षेत्र में होने की सूचना मिली। इसके बाद टीम ने इलाके में घेराबंदी की और नोनिया-सेसई रोड घाटी के पास पुलिस और आरोपियों का आमना-सामना हो गया।

 

हथियारों और नेटवर्क की जांच शुरू

 

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। बरामद हथियारों की जांच के साथ यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी किन लोगों के संपर्क में थे और जहरीली शराब मामले में उनकी भूमिका क्या रही।

 

दोनों घायल आरोपियों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। पुलिस उनसे पूछताछ के आधार पर जहरीली शराब कांड से जुड़े अन्य आरोपियों और नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

 

जहरीली शराब से हुई 20 मौतों के बाद सागर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। मनीष लोधी की गिरफ्तारी को मामले की जांच में महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।

 

 

Vikram singh tomar
Author: Vikram singh tomar

DWARKA NEWS NATIONAL NETWORK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें