21 साल बाद MP की सड़कों पर लौटेगी सरकारी बस सेवा, 351 बसों से आज होगा ‘सुगम परिवहन’ का आगाज
द्वारका न्यूज़ | प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर | 25 सितंबर 2026
भोपाल। मध्य प्रदेश में 21 साल के लंबे अंतराल के बाद सार्वजनिक बस सेवा की फिर से शुरुआत होने जा रही है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ का राज्य स्तरीय शुभारंभ किया जाएगा।
मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी दोपहर 12:30 बजे भोपाल के गोविंदपुरा स्थित दशहरा मैदान से बसों को हरी झंडी दिखाएंगे।
शुभारंभ के साथ प्रदेश के सात शहरों से 351 इंटरसिटी और इंट्रासिटी बसों का संचालन शुरू होगा। इनमें इंदौर की 145, भोपाल की 106, जबलपुर की 67, रीवा की 18, देवास की 10, कटनी की 3 और भिंड की 2 बसें शामिल हैं।
राज्य सरकार के अनुसार, इस सेवा का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना तथा अंतिम छोर तक रहने वाले लोगों को सस्ती, सुरक्षित और सुलभ परिवहन सुविधा देना है। नई व्यवस्था पीपीपी मॉडल पर विकसित की जाएगी।
बसों में जीपीएस, पैनिक बटन, सीसीटीवी और डिजिटल टिकटिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी। सरकार ने 2031 तक 15 हजार बसें संचालित करने का लक्ष्य रखा है। पहले वर्ष में 1,500 बसें शुरू करने और इसके बाद हर साल 2,500 से 3,000 बसें जोड़ने की योजना है। इससे प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।







