कानपुर हाईवे पर तेल टैंकर में भीषण टक्कर, सड़क पर बहा हजारों लीटर सरसों का तेल
तेल बहते ही बाल्टी-डिब्बे लेकर उमड़ी भीड़, किसी ने समेटा तेल तो कोई बनाने लगा वीडियो
द्वारका न्यूज़ 5 अक्टूबर 2026
कानपुर। कानपुर हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सरसों के तेल से भरे एक टैंकर में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर का एक हिस्सा फट गया और उसमें भरा हजारों लीटर सरसों का तेल सड़क पर धार बनकर बहने लगा।
सड़क पर अचानक बड़ी मात्रा में तेल फैलता देख आसपास के लोगों में कौतूहल मच गया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई। जिसे जैसे पता चला, वह बाल्टी, डिब्बे और अन्य बर्तन लेकर पहुंच गया। कुछ लोग सड़क पर बह रहे तेल को बर्तनों में भरकर समेटते नजर आए, जबकि कई लोग मौके का वीडियो बनाने में जुट गए।
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तेल से सड़क पर फिसलन बढ़ने के कारण हादसे का खतरा भी पैदा हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। मौके पर मौजूद लोग इसे लेकर मजाकिया अंदाज में कहते नजर आए—“दाने-दाने पर लिखा होता है खाने वाले का नाम।”
द्वारका न्यूज़ | प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर







