Offline
Online
Viewers 0

गुना मे सेवा संकल्प रैली में सवाल करना पड़ा भारी! युवक से मारपीट, मोबाइल तोड़ने का आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सेवा संकल्प रैली में सवाल करना पड़ा भारी! युवक से मारपीट, मोबाइल तोड़ने का आरोप

ट्रैफिक सिग्नल की बदहाली पर सवाल उठाया तो भड़के रैली में शामिल लोग, घटना का वीडियो वायरल

 

गुना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में निकाली जा रही भाजपा की सेवा संकल्प रैली (सेवा ज्योति कलश यात्रा) के दौरान हनुमान चौराहे पर विवाद की स्थिति बन गई। रैली के दौरान एक युवक रघुवीर धाकड़ के साथ कथित मारपीट और उसका मोबाइल फोन तोड़ने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है।

 

जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीगंज से शुरू हुई रैली जब हनुमान चौराहे पहुंची, उसी दौरान रघुवीर धाकड़ ने रैली में शामिल कुछ कार्यकर्ताओं से चौराहे के खराब पड़े ट्रैफिक सिग्नल को लेकर सवाल किया। युवक ने कथित तौर पर कहा कि जिस तरह अन्य मुद्दों को लेकर रैली निकाली जा रही है, उसी तरह शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और खराब सिग्नल की समस्या को लेकर भी रैली निकाली जानी चाहिए।

 

आरोप है कि युवक की यह बात रैली में शामिल कुछ लोगों को नागवार गुजरी और देखते ही देखते उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। युवक का आरोप है कि इस दौरान उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया।

 

वायरल वीडियो ने बढ़ाया विवाद

 

घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें मारपीट को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद शहर में राजनीतिक रैली के दौरान आम नागरिक से कथित मारपीट को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

 

अब पूरे मामले में पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है और वायरल वीडियो की जांच के बाद घटना की वास्तविक स्थिति क्या सामने आती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

 

द्वारका न्यूज़ | प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर

Vikram singh tomar
Author: Vikram singh tomar

DWARKA NEWS NATIONAL NETWORK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें