हरियाणा में ‘गुना के पत्थर गैंग’ का एनकाउंटर, दो बदमाशों पारदी के पैरों में लगी गोली

गुलेल से कंचे मारकर घरों में चोरी करता था पारदी गिरोह, 15 हजार का इनामी समेत सात आरोपी गिरफ्तार
गुना | द्वारका न्यूज़ |
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
12 अक्टूबर 2026
फरीदाबाद। मध्य प्रदेश के गुना जिले से जुड़े कुख्यात अंतरराज्यीय पारदी गिरोह का हरियाणा के फरीदाबाद में पुलिस से सामना हो गया। बल्लभगढ़ सदर थाना क्षेत्र में गांव सोतई की ओर जाने वाले रास्ते पर क्राइम ब्रांच सेक्टर-16 की टीम ने आरोपियों की घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर बीके अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, मौके से भागने की कोशिश कर रहे पांच अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया गया। इस कार्रवाई में कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। इनमें 15 हजार रुपये का इनामी बदमाश भी शामिल बताया गया है।
गुलेल और कंचे थे चोरी का अनोखा हथियार
पुलिस के अनुसार, गिरोह चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए अनोखा तरीका अपनाता था। आरोपी घरों की खिड़कियों पर गुलेल से कंचे मारते थे। इसके बाद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने और घर में सन्नाटा दिखाई देने पर चोरी के इरादे से घुसने की कोशिश करते थे। इस तरीके से वे घर में लोगों की मौजूदगी का अंदाजा लगाते थे और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम देते थे।
अंतरराज्यीय गिरोह पर पुलिस की कार्रवाई
गुना जिले से जुड़ा यह पारदी गिरोह मध्य प्रदेश के साथ दूसरे राज्यों में भी आपराधिक गतिविधियों के लिए कुख्यात बताया जाता है। फरीदाबाद में पुलिस की इस कार्रवाई के बाद गिरोह के सात संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी की वारदातों और उनके नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
द्वारका न्यूज़ | जनता की आवाज







