गौसेवक रौनक चौधरी का गुना में सम्मान, जाट महासभा युवा टीम ने भेंट की वीर तेजाजी महाराज की तस्वीर
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
16 अक्टूबर 2026

गौसेवा और सामाजिक जिम्मेदारियों पर हुई चर्चा, युवाओं से खरनाल पहुंचकर वीर तेजाजी महाराज के आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान
गुना | द्वारका न्यूज़
राजस्थान के युवा गौसेवक एवं सोशल मीडिया क्रिएटर रौनक चौधरी के गुना आगमन पर अखिल भारतीय जाट महासभा की युवा टीम ने उनका आत्मीय स्वागत कर सम्मान किया। इस दौरान गौसेवा, पशु संरक्षण और युवाओं की सामाजिक जिम्मेदारियों सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
स्वागत के अवसर पर युवा जिलाध्यक्ष अमन जाट ने रौनक चौधरी को सत्यवादी वीर तेजाजी महाराज की तस्वीर भेंट की। रौनक चौधरी ने तस्वीर को श्रद्धापूर्वक माथे से लगाकर वीर तेजाजी महाराज के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। इस दौरान उनके शौर्य, सत्यनिष्ठा, त्याग और जनकल्याण के आदर्शों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
गौसेवा और पशु संरक्षण में सक्रिय भूमिका
रौनक चौधरी राजस्थान में गौसेवा, घायल एवं बेसहारा गोवंश की मदद और पशु संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे जीवदया फाउंडेशन के माध्यम से सेवा गतिविधियों का संचालन कर गोवंश की देखभाल और जीवों के प्रति संवेदना का संदेश दे रहे हैं। उनके प्रयासों का उद्देश्य समाज में जीवदया, करुणा और पशु संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इस अवसर पर रौनक चौधरी ने युवाओं से सत्यवादी वीर तेजाजी महाराज की जन्मस्थली खरनाल, नागौर (राजस्थान) पहुंचकर दर्शन करने और उनके जीवन, शौर्य, सत्य एवं बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से सामाजिक कार्यों, गौसेवा और जनकल्याण की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
जाट सोशल ग्रुप के देवेन्द्र सिंह सोलंकी और डॉ. राणा ने रौनक चौधरी के गौसेवा एवं पशु संरक्षण संबंधी प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने और युवाओं को जनसेवा के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस दौरान अमन जाट, राहुल जाट, युवराज सिंह जाट, अर्जुन जाट, शक्ति सिंह जाट, सौरभ जाट, यश जाट, कार्तिक, दीपक, अतुल, छोटू, विवेक सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
द्वारका न्यूज़ | जनता की आवाज






