Offline
Online
Viewers 0

विदेश में पढ़ने हेतु मिले, छात्रवृत्ति के ₹36.85 लाख डकारने का आरोप, छात्र और पिता पर FIR!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

छात्रवृत्ति के ₹36.85 लाख डकारने का आरोप, छात्र और पिता पर FIR!

विदेश में पढ़ाई के नाम पर शासन से ली रकम, न छात्र विदेश गया और न यूनिवर्सिटी में जमा हुई फीस; चार नोटिस के बाद भी नहीं लौटाए पैसे

गुना | द्वारका न्यूज़

प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर 

17/10/2026

गुना में पिछड़ा वर्ग के एक छात्र को विदेश में उच्च शिक्षा दिलाने के लिए शासन से मिली ₹36.85 लाख की छात्रवृत्ति की राशि कथित तौर पर हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि यूनिवर्सिटी ऑफ ग्लासगो में दाखिले के नाम पर मिली रकम को फीस जमा कराने के बजाय छात्र दीपक धाकड़ और उसके पिता धर्मेंद्र धाकड़ के बैंक खातों में ट्रांसफर कर निकाल लिया गया। विभाग की शिकायत पर कैंट थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत FIR दर्ज की है।

चार नोटिस के बाद भी नहीं लौटाई राशि

पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अनुसार, छात्र को छात्रवृत्ति की राशि ब्याज सहित शासन के खाते में जमा कराने के लिए 6 मई, 1 जून, 16 जून और 28 जुलाई 2026 को पत्र जारी किए गए थे। इसके बावजूद राशि वापस नहीं की गई। इसके बाद 12 अक्टूबर को विभाग ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

अपने और पिता के खाते में ट्रांसफर किए लाखों रुपये

बैंक विवरण के मुताबिक, 19 और 20 सितंबर 2025 को छात्र ने अपने एचडीएफसी बैंक खाते में ₹21,70,059 और अपने पिता धर्मेंद्र धाकड़ के केनरा बैंक खाते में ₹15,35,035 ट्रांसफर किए। इस तरह दोनों खातों में कुल ₹37,05,094 पहुंचे। शिकायत में आरोप है कि 19 से 22 सितंबर के बीच राशि निकाल ली गई। पिता ने छात्रवृत्ति के लिए जमानतदार के रूप में बंधपत्र पर हस्ताक्षर भी किए थे।

तीन दिन में खातों से निकाली गई रकम

विभागीय शिकायत के अनुसार, गुना की भार्गव कॉलोनी निवासी दीपक धाकड़ का वर्ष 2024-25 में यूनिवर्सिटी ऑफ ग्लासगो में एक वर्षीय एमएससी (इंटरनेशनल स्ट्रैटेजिक मार्केटिंग) पाठ्यक्रम के लिए चयन हुआ था। 16 सितंबर 2025 को उसके एक्सिस बैंक खाते में ₹36,85,938 जमा कराए गए थे। आरोप है कि छात्र विदेश नहीं गया और उसने विश्वविद्यालय में फीस भी जमा नहीं कराई।

पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगी।

द्वारका न्यूज़ | जनता की आवाज प्रधान संपादक: विक्रम सिंह तोमर

Vikram singh tomar
Author: Vikram singh tomar

DWARKA NEWS NATIONAL NETWORK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें