विकसित कृषि संकल्प अभियान का कलेक्टर श्री कन्याल ने ग्राम बालाभेंट से किया शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विकसित कृषि संकल्प अभियान का कलेक्टर श्री कन्याल ने ग्राम बालाभेंट से किया शुभारंभ

 प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर

जिला संवाददाता संदेश कुमार झा

 

किसानों से किया संवाद, जैविक खेती और शासकीय योजनाओं की दी जानकारी

गुना 29 मई 2025

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार दिनांक 29 मई से 12 जून 2025 तक विकसित कृषि संकल्प अभियान का आयोजन देशभर के 700 से अधिक जिलों में किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य किसानों की आय में वृद्धि, कृषि उत्पादन को बढ़ावा देना, उत्पादन लागत को कम करना एवं खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अभियान के अंतर्गत वैज्ञानिकों की टीम गांव-गांव जाकर किसानों से सीधा संवाद कर रही है।

 

इसी क्रम में आज कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने ग्राम पंचायत बालाभेंट, राघौगढ़ में अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने ग्रामीणजनों से सीधा संवाद कर कृषि तकनीकों, योजनाओं और फसल प्रबंधन की जानकारी साझा की। इस अवसर पर कलेक्टर श्री कन्याल ने गुलाब की खेती से किसानों को हुए लाभ के उदाहरण प्रस्तुत किए एवं अन्य किसानों को भी इस दिशा में प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों से उनकी शिक्षा संबंधी जानकारी ली तथा लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत मिलने वाली राशि की जानकारी बहनों से प्राप्त की। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि वर्तमान समय जैविक खेती की ओर बढ़ने का है, जिससे भूमि की उर्वरता बनी रहती है और उत्पाद स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होते हैं। आगामी मक्का फसल के पराली प्रबंधन पर चर्चा करते हुए उन्होंने पराली जलाने से होने वाले नुकसान के प्रति किसानों को जागरूक किया। साथ ही पशुधन वृद्धि की दिशा में प्रयास करने के लिए भी ग्रामीणों को प्रेरित किया।

 

कार्यक्रम में उपस्थित उपसंचालक कृषि विभाग श्री अशोक उपाध्याय ने किसानों को बताया कि खेती केवल आजीविका नहीं, बल्कि स्वास्थ्य लाभकारी साधन भी है। उन्होंने लिक्विड डीएपी एवं नैनो डीएपी के प्रयोग और अनुपात की जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान मृदा परीक्षण कार्ड, संतुलित उर्वरकों के उपयोग एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई। अंत में कलेक्टर श्री कन्याल ने ग्रामीणों से उनकी समस्याएं एवं सुझाव जानकर समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

इस अवसर पर एसडीएम राघौगढ़ श्री विकास कुमार आनंद, नायब तहसीलदार सुश्री रेणु कांसलीवाल , वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा, कृषि विस्तार अधिकारी श्री जेपी शिवहरे, आरती सिंह, दीक्षा यादव, राजेंद्र शिवहरे, उद्यानिकी विस्तार अधिकारी श्री केके शर्मा, तथा पशुपालन एवं डेयरी विभाग की सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी गरिमा चौरसिया सहित अन्‍य अधिकारी उपस्थित रहे।

Vikram singh tomar
Author: Vikram singh tomar

DWARKA NEWS NATIONAL NETWORK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें