पगारा में प्रगतिशील गुलाब खेती से रूबरू हुए छात्र, देसी गुलाब बना किसानों की आय का सशक्त माध्यम
द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
शासकीय माध्यमिक विद्यालय आवन के छात्र–छात्राओं ने आज ग्राम पगारा में प्रगतिशील गुलाब उत्पादक किसान श्री प्रीतम सिंह लोधा के खेत का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस अवसर पर श्री लोधा ने विद्यार्थियों को देसी गुलाब की खेती की उन्नत तकनीक, उत्पादन प्रक्रिया, लागत–लाभ तथा गुलाब के औषधीय, सुगंधित एवं व्यावसायिक उपयोगों की विस्तृत जानकारी दी।
श्री प्रीतम सिंह लोधा द्वारा अपने खेत में देसी गुलाब के पौधों का रोपण कर प्रति एकड़ लगभग 4.5 से 5 लाख रुपये तक का शुद्ध मुनाफा अर्जित किया जा रहा है, जो क्षेत्र के किसानों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बन गया है।
उल्लेखनीय है कि विगत सप्ताह जिले के कलेक्टर श्री किशोर कन्याल ने स्वयं ग्राम पगारा स्थित श्री लोधा के खेत पर पहुंचकर गुलाब की खेती का अवलोकन किया था। कलेक्टर के इस भ्रमण के बाद गुलाब की खेती को देखने एवं इससे जुड़ी जानकारी लेने वालों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसी क्रम में आज शासकीय माध्यमिक विद्यालय आवन के छात्र–छात्राओं ने भी खेत का भ्रमण कर प्रत्यक्ष एवं व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया।
विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों में कृषि के प्रति रुचि विकसित करते हैं तथा उन्हें आधुनिक, लाभकारी और नवाचार आधारित खेती से जोड़ते हैं। विद्यार्थियों ने भी देसी गुलाब की खेती को भविष्य में स्वरोजगार और उद्यमिता का एक प्रभावी माध्यम बताया।
यह भ्रमण कार्यक्रम न केवल विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ, बल्कि क्षेत्र के किसानों एवं युवाओं के लिए भी यह संदेश देता है कि वैज्ञानिक पद्धति से की गई फूलों की खेती ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे सकती है।









