*गुना पुलिस का “ऑपरेशन मजनू” अभियान, छात्राओं की सुरक्षा हेतु सख्त और निर्णायक पहल*
द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
*पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी के सशक्त एवं संवेदनशील नेतृत्व में असामाजिक एवं मनचले तत्वों पर की जाएगी सख्त कार्यवाही*
*स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर, पार्क आदि के आसपास विशेष निगरानी, वैलेंटाइन डे पर बढ़ाई गई सुरक्षा*
गुना पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी द्वारा जिले में महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिले में दिनांक 14 फरवरी 2026 से “ऑपरेशन मजनू” अभियान संचालित किया जा रहा है । इस अभियान का उद्देश्य स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर एवं सार्वजनिक स्थानों के आसपास सक्रिय असामाजिक एवं मनचले तत्वों पर सख्त एवं प्रभावी कार्यवाही कर सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है ।
पुलिस अधीक्षक श्री सोनी द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे तत्व जो छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करते हैं, अभद्र टिप्पणियां करते हैं अथवा उन्हें परेशान करने का प्रयास करते हैं, उनके विरुद्ध शिकायत मिलते ही अथवा जानकारी सामने आते ही तत्काल कठोर कार्यवाही की जाए ।
अभियान के अंतर्गत संवेदनशील क्षेत्रों, शिक्षण संस्थानों के आसपास तथा भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सादा वर्दी एवं वर्दीधारी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है । साथ ही पुलिस की मोबाइल पेट्रोलिंग टीमें लगातार भ्रमण कर निगरानी रखेंगी ।
दिनांक 14 फरवरी (वैलेंटाइन डे) को दृष्टिगत रखते हुए जिलेभर में अतिरिक्त सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि पर तुरंत नियंत्रण किया जा सके और शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके ।
गुना पुलिस आमजन, विशेषकर छात्राओं एवं अभिभावकों से अपील करती है कि यदि कहीं भी किसी प्रकार की छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार या असामाजिक गतिविधि की सूचना मिले तो तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचित करें । गुना पुलिस छात्राओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वाभिमान की रक्षा हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है ।









