चलते ट्रक में भड़की आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
केलों से लदा वाहन धू-धूकर जला, लाखों का माल खाक; हाईवे पर मची अफरा-तफरी
द्वारका न्यूज़ | प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर | 9 सितंबर 2026

गुना। नेशनल हाईवे-46 पर रुठियाई चौकी थाना क्षेत्र की गादेर घाटी में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बुरहानपुर से केले भरकर शिवपुरी जा रहे एक ट्रक में अचानक चलते-चलते भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के दौरान चालक राहुल ने सूझबूझ दिखाते हुए चलते वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई।
देखते ही देखते धू-धूकर जल उठा ट्रक
ड्राइवर के मुताबिक, ट्रक में आग लगने के बाद उसने मदद के लिए लगातार करीब एक घंटे तक इमरजेंसी नंबर 112 पर फोन लगाने का प्रयास किया। इसी दौरान वहां से गुजर रही एफआरबी-17 की गश्ती टीम की नजर आग की लपटों से घिरे ट्रक पर पड़ी। जवानों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गुना से दमकल वाहन को मौके पर बुलवाया।
लाखों के केले और ट्रक जलकर खाक
दमकल वाहन के पहुंचने के बाद आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। हालांकि आग इतनी विकराल थी कि तब तक ट्रक और उसमें लदा लाखों रुपये का केला पूरी तरह जल चुका था। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्रथम दृष्टया हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। ट्रक में आग किस कारण लगी, इसकी वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।








