Offline
Online
Viewers 0

10 हजार का कर्ज, 3 साल में चुकाए 1 लाख; अब 1.5 लाख और मांगने का आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

10 हजार का कर्ज, 3 साल में चुकाए 1 लाख; अब 1.5 लाख और मांगने का आरोप

 

सूदखोरी से परेशान महिला पहुंची एसपी कार्यालय, मारपीट, धमकी और जबरन वसूली के लगाए गंभीर आरोप

 

द्वारका न्यूज़ | प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर | 9 सितंबर 2026

 

गुना। शहर के ग्राम सिंगवासा निवासी एक महिला ने सूदखोरी से परेशान होकर बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने कैंट थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति और उसके परिजनों पर कर्ज की रकम से कई गुना अधिक राशि वसूलने, मारपीट करने, मकान में ताला लगाने की धमकी देने और शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।

 

पीड़िता अंजू बाल्मीक पत्नी राजेश बाल्मीक के अनुसार, उसने अपनी मां प्रेमबाई बाल्मीक के इलाज के लिए कैंट थाने के सामने रहने वाले सुरेश बाल्मीक से करीब 10 हजार रुपये उधार लिए थे। महिला का आरोप है कि पिछले तीन वर्षों में वह ब्याज के रूप में एक लाख रुपये से अधिक चुका चुकी है, इसके बावजूद उससे अब भी करीब 1.5 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि मांगी जा रही है।

 

घर पहुंचकर धमकाने का आरोप

 

शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि 5 अगस्त 2026 को सुरेश बाल्मीक, उसकी पत्नी श्यामबाई और बेटे अनिल उसके घर पहुंचे। यहां कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए मकान में ताला लगाने की धमकी दी गई। पीड़िता के मुताबिक, बाद में कैंट बाजार जाते समय आरोपियों ने उसका रास्ता रोककर मारपीट की। विरोध करने पर राजनीतिक संरक्षण का हवाला देते हुए शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

 

20 से 30 प्रतिशत ब्याज वसूलने का आरोप

 

पीड़िता का कहना है कि फोन पर बातचीत के दौरान सुरेश ने कथित तौर पर 20 से 30 प्रतिशत ब्याज लेने तथा समय पर भुगतान नहीं होने पर ब्याज पर भी ब्याज लगाने की बात कही। लगातार धमकियों से परेशान परिवार ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई, कथित जबरन वसूली से राहत और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

 

पुलिस से अब शिकायत की जांच कर आरोपों की सत्यता और पूरे लेन-देन की स्थिति स्पष्ट करने की उम्मीद है।

Vikram singh tomar
Author: Vikram singh tomar

DWARKA NEWS NATIONAL NETWORK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें