कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक का संयुक्त निरीक्षण, शहर के ब्लैक स्पॉट्स और ट्रैफिक सुधार के लिए सख्त निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक का संयुक्त निरीक्षण, शहर के ब्लैक स्पॉट्स और ट्रैफिक सुधार के लिए सख्त निर्देश

 द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क

 प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर

ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान, सड़क चौड़ीकरण, स्ट्रीट लाइट एवं विजिबिलिटी सुधार हेतु विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

 

गुना 20 फरवरी 2026

 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी द्वारा आज शहर की विभिन्न प्रमुख स्थलों का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शहर के ब्लैक स्पॉट्स, ट्रैफिक व्यवस्था, सड़क सुरक्षा एवं अतिक्रमण से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

निरीक्षण के दौरान महिंद्रा शोरूम के सामने स्थित मार्ग का अवलोकन करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री सोनी ने यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु “ड्रिंक एंड ड्राइव” के विरुद्ध सघन अभियान एवं नियमित चेकिंग प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग को क्षेत्र में निर्मित भवनों के स्वीकृत डिजाइन एवं ले-आउट की स्थिति का परीक्षण कर दो दिवस के भीतर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, सड़क किनारे स्थापित स्ट्रीट लाइटों को चालू कराने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) एवं विद्युत विभाग को संयुक्त रूप से त्वरित कार्रवाई करने हेतु कहा गया।

 

इसके पश्चात कुशमोदा चौकी क्षेत्र में तहसीलदार को नजरी नक्शा तैयार कर यह स्पष्ट करने के निर्देश दिए गए कि संबंधित स्थल पर कितनी भूमि शासकीय है। मारुति शोरूम के सामने दृश्यता प्रभावित करने वाले होर्डिंग/फोटो को हटाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि यातायात सुगम एवं सुरक्षित रह सके।

 

कान्हा धर्मकांटा के पास सड़क चौड़ीकरण हेतु पीडब्ल्यूडी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में इंडस्ट्रियल एरिया स्थित धर्म कांटा के समीप सड़क के चौड़ीकरण/सुदृढ़ीकरण कार्य हेतु भी पीडब्ल्यूडी को निर्देशित किया गया।

 

निरीक्षण के अंत में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक रेलवे ट्रैक पॉइंट पर पहुंचे, जहां रैक की आवक-जावक की जानकारी ली गई। संबंधित अधिकारियों को सड़क निर्माण एवं बाउंड्री वॉल निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रेषित करने के निर्देश दिए गए।

 

कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि शहर में यातायात एवं सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयसीमा में कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें। पुलिस अधीक्षक श्री सोनी ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

 

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्‍टर श्री अखिलेश जैन, अतिरिक्‍त पुलिस अधीक्षक श्री मान सिंह ठाकुर, सीएमओ सुश्री मंजुषा खत्री, सीएमएचओ डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर, तहसीलदार श्री जीएस बैरवा सहित अन्‍य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

 

स.

Vikram singh tomar
Author: Vikram singh tomar

DWARKA NEWS NATIONAL NETWORK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें