*आरोन मे हुई लड़ाई … *सेमरी के पास कार से कुचलकर मारने का आरोप लगाया .*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आपसी दुश्मनी का खूनी अंत! आरोन में हुई लड़ाई, मारपीट के बाद बजरंगगढ़ के पास ‘सड़क कांड’, पिता की मौत, दोनो बेटे गंभीर घायल , कार से मारी टक्कर

द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क

प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर

गुना। जिले के आरोन में दोपहर को शुरू हुआ एक जमीनी विवाद शाम होते-होते मौत के तांडव में बदल गया। बजरंगगढ़ क्षेत्र में एक संदिग्ध सड़क हादसे में शिवभान सिंह सोलंकी की मौत हो गई, जबकि उनके दो पुत्र जीवन और मौत के बीच जूझ रहे हैं। परिजनों का सीधा आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने साजिश के तहत पीछे से कार चढ़ाकर उनके पिता की हत्या की है।

दोपहर में हुआ था विवाद, दर्ज हुई थी FIR

घटनाक्रम की शुरुआत मंगलवार दोपहर आरोन के प्रताप मार्ग से हुई। यहाँ प्लॉट के पुराने विवाद को लेकर शिवभान सिंह सोलंकी और अनिकेत जैन के परिवारों के बीच जमकर लाठियां चली थीं। अनिकेत जैन की शिकायत पर पुलिस ने शिवभान और उनके बेटों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया था। इसी कार्रवाई और पुलिसिया पक्षपात की शिकायत लेकर शिवभान अपने दोनों बेटों के साथ गुना में एक भाजपा नेता से मिलने आए थे।

शिकायत कर लौटते समय ‘टारगेट’ हमला?

शाम करीब 7 बजे जब शिवभान अपने बेटों कुनाल और सूरज के साथ वापस आरोन लौट रहे थे, तभी बजरंगगढ़ टोल नाके के आगे एक अनियंत्रित कार ने उनकी गाड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि शिवभान की मौके पर ही सांसें थम गईं। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, वहीं दोनों बेटों की हालत नाजुक बनी हुई है।

घायल बेटे का बयान: ‘हादसा नहीं, यह सोची-समझी हत्या है’

अस्पताल के बेड पर दर्द से कराहते कुणाल सोलंकी ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि यह कोई एक्सीडेंट नहीं बल्कि मर्डर है। कुणाल के मुताबिक, “धर्मेंद्र सोनी और कल्ला जैन ने अपनी गाड़ी से हमारा पीछा किया। उन्होंने एक बार टक्कर मारी, हमने बचने के लिए गाड़ी तेज की तो उन्होंने दोबारा पीछे से पूरी ताकत के साथ टक्कर मार दी ताकि हम जिंदा न बचें।”

पुलिस की जांच पर टिकी नजरें:

एक ही दिन में मारपीट और फिर संदिग्ध मौत की इन कड़ियों ने पुलिस प्रशासन की चुनौती बढ़ा दी है। बजरंगगढ़ पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और टक्कर मारने वाली कार व उसमें सवार लोगों की तलाश शुरू कर दी है। क्या यह महज एक इत्तेफाक था या दोपहर की रंजिश का बदला, इसका खुलासा पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।

Vikram singh tomar
Author: Vikram singh tomar

DWARKA NEWS NATIONAL NETWORK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें