*किसान की मेहनत पर आग ने फेरा पानी, भीषण आग में जलकर राख हुई 7 बीघा की सरसों की फसल*
द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
गुना | जिले के चाचौड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत खेजड़ा रामा में बुधवार रात एक भीषण अग्निकांड में किसान की सालभर की मेहनत जलकर खाक हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खेजड़ा रामा निवासी किसान मिश्रीलाल लोधा के खेत में कटी रखी करीब 7 बीघा की सरसों की फसल में रात लगभग 8:30 बजे अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते, पूरी फसल जलकर राख के ढेर में तब्दील हो गई।
इस घटना से पीड़ित किसान परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। किसान की खून-पसीने की कमाई आंखों के सामने नष्ट होने से क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित किसान को तत्काल उचित सर्वे कराकर आर्थिक मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि इस भारी आर्थिक क्षति से परिवार को उबारा जा सके।









