*पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस का विशेष वाहन चैकिंग अभियान*
*कुल 109 लापरवाह वाहन चालकों एवं वाहनों पर कार्यवाही कर कुल 43,600/- समन शुल्क अधिरोपित*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के सशक्त और संवेदनशील नेतृत्व एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के कुशल मार्गदर्शन तथा डीएसपी यातायात श्री मुकेश कुमार दीक्षित के सतत पर्यवेक्षण में ज़िले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, अनुशासित एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से गत दिनांक 11 अप्रैल 2026 को थाना यातायात सहित ज़िले के समस्त थानों एवं चौकियों द्वारा निरंतर व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया ।
गुना पुलिस का यह विशेष वाहन चैकिंग अभियान गत रात्रि 21.30 बजे से 23.30 बजे तक जिले के सभी थाना/चौकी क्षेत्रों में चलाया गया । इस अभियान के दौरान पुलिस द्वारा 300 से अधिक वाहनों को चैक किया गया जिसमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 109 वाहन चालकों एवं वाहनों पर कार्यवाही की गई । अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाना, तीन सवारी मोटरसाइकिल, बिना बीमा, बिना परमिट, बिना फिटनेस, बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट, तेज़ रफ़्तार एवं रॉन्ग साइड वाहन चलाने जैसे गंभीर उल्लंघनों पर सख़्ती से कार्यवाही की गई । इन कार्यवाहियों के परिणामस्वरूप नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कुल 43,600/- (तैतालीस हज़ार छह सौ रुपये) का समन शुल्क अधिरोपित किया गया । यह कार्यवाही केवल दंड देने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि सड़क पर हर जीवन को सुरक्षित रखने की भावना से की गई । साथ ही, यातायात नियमों का बार-बार एवं गंभीर उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्यवाही हेतु प्रकरण सक्षम प्राधिकारी को भेजे गए हैं, ताकि लापरवाह वाहन चालकों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके और भविष्य में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके ।
सड़क दुर्घटनाएँ केवल आँकड़े नहीं होतीं, बल्कि इनके पीछे किसी परिवार का दर्द और उजड़ा भविष्य छिपा होता है । इन्हीं संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए सड़क सुरक्षा माह के दौरान जन-जागरूकता के साथ कठोर लेकिन संवेदनशील कार्यवाही की गई ।
गुना पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि यातायात नियमों का पालन पुलिस के भय से नहीं, बल्कि अपने जीवन, अपने परिवार और समाज की सुरक्षा के लिए करें ।








