अवैध रेत कारोबार में खूनी संघर्ष: रिटायर्ड फौजी की फायरिंग में दामाद की मौत, ससुर गंभीर
द्वारका न्यूज़ 27/05 /2026
ग्वालियर। शहर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह अवैध रेत कारोबार को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। दीनदयाल नगर स्थित पटरी रोड निवासी रिटायर्ड फौजी विष्णु दुबे ने रंजिश के चलते ससुर-दामाद पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में भोलू गुर्जर की मौत हो गई, जबकि उसके ससुर सत्यभान गुर्जर गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।
जानकारी के अनुसार शताब्दीपुरम के शनिश्चरा रोड स्थित रेत के फड़ को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा था। बुधवार सुबह विवाद बढ़ने पर सत्यभान और भोलू ने विष्णु दुबे के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद विष्णु घर के अंदर गया और लाइसेंसी पिस्टल लेकर बाहर आया। उसने एक के बाद एक करीब पांच गोलियां चलाईं और ससुर-दामाद को दौड़ाकर गोली मार दी।
फायरिंग में भोलू गुर्जर को मुंह में गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। दोनों घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने भोलू को मृत घोषित कर दिया। वहीं सत्यभान गुर्जर वेंटिलेटर पर बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने करीब दो घंटे के भीतर आरोपी रिटायर्ड फौजी विष्णु दुबे को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच जारी है।
✍️ प्रधान संपादक – विक्रम सिंह तोमर
द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क









