कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन तय, डीके शिवकुमार होंगे नए मुख्यमंत्री
बेंगलुरु। कर्नाटक कांग्रेस में लंबे समय से चल रहे नेतृत्व परिवर्तन के विवाद पर आखिरकार विराम लग गया है। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस हाईकमान ने डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला कर लिया है। मौजूदा मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने भी पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर पद छोड़ने की सहमति दे दी है।
दिल्ली में राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी की मौजूदगी में कई दौर की बैठकों के बाद यह फैसला लिया गया। बताया जा रहा है कि 2023 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद सिद्दारमैया और डीके शिवकुमार के बीच ढाई-ढाई साल के सत्ता साझेदारी फार्मूले पर सहमति बनी थी।
सूत्रों के मुताबिक, सिद्दारमैया ने शुरुआत में कुछ समय मांगा था, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व तत्काल बदलाव के पक्ष में था। राहुल गांधी ने पार्टी की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए पुराने वादे को निभाने पर जोर दिया। इसके बाद सिद्दारमैया ने स्पष्ट कहा कि पार्टी नेतृत्व जब भी कहेगा, वह पद छोड़ देंगे।
कांग्रेस नेतृत्व इस फैसले को संगठनात्मक अनुशासन और केंद्रीय नेतृत्व की मजबूती के रूप में देख रहा है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, यह निर्णय पार्टी के भीतर स्पष्ट संदेश माना जा रहा है कि हाईकमान के फैसले सर्वोपरि होंगे।
✍️ प्रधान संपादक – विक्रम सिंह तोमर
द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क









