शातिर अपराधी इरशाद खान पर रासुका की कार्रवाई, केंद्रीय जेल ग्वालियर भेजा गया
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
30/05/2026
गुना। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुना पुलिस ने आदतन अपराधी इरशाद खान पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल ग्वालियर भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन तथा सीएसपी प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में केंट थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। आरोपी इरशाद खान निवासी छबड़ा (राजस्थान), हाल निवासी हड्डीमील गुना के विरुद्ध तीन माह का निरोधादेश जारी किया गया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ हाल ही में पशु क्रूरता अधिनियम एवं मध्यप्रदेश गौवंश प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए थे। इसके अलावा मार्च 2026 में केंट थाना क्षेत्र में गाय के बछड़े का कटा सिर मिलने के मामले में भी उसकी गिरफ्तारी हुई थी।
जांच में सामने आया कि आरोपी के विरुद्ध राजस्थान और मध्यप्रदेश में चोरी, बलात्कार, जुआ सहित कुल 12 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसकी लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा रासुका का प्रस्ताव जिला दंडाधिकारी किशोर कुमार कन्याल को भेजा गया, जिस पर कार्रवाई करते हुए तीन माह का निरोधादेश जारी किया गया।
आदेश के तहत 29 मई 2026 को केंट थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल ग्वालियर में दाखिल कराया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।









