आकाशीय बिजली गिरने से टेकरी सरकार मंदिर का गुंबद क्षतिग्रस्त, टला बड़ा हादसा
द्वारका न्यूज़
30/05 /2026
गुना, 30 मई। नौतपा की भीषण गर्मी के बीच अचानक बदले मौसम ने शनिवार को गुना जिले में अपना असर दिखाया। तेज आंधी और बारिश के दौरान शहर के प्रसिद्ध टेकरी सरकार हनुमान मंदिर के गुंबद पर आकाशीय बिजली गिरने से उसका ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह मौसम खराब होने के दौरान तेज गर्जना के साथ बिजली मंदिर के गुंबद पर गिरी, जिससे गुंबद पर क्षति पहुंची। घटना के बाद मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले जून 2025 में भी टेकरी सरकार मंदिर के गुंबद पर आकाशीय बिजली गिरी थी, जिससे शिखर पर निशान पड़ गया था। लगातार दूसरी बार बिजली गिरने की घटना ने मंदिर की सुरक्षा और संरचना को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
इधर, प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ है। शनिवार सुबह मध्य प्रदेश के 26 जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि कई क्षेत्रों में तेज आंधी और ओलावृष्टि भी हुई। ग्वालियर, इंदौर सहित अनेक शहरों में बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक आंधी, बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहने की संभावना है।
✍️ विक्रम सिंह तोमर
प्रधान संपादक, द्वारका न्यूज़ नेशनल नेटवर्क









