13 साल बाद गुना में मुनि श्री सुधासागर जी महाराज का भव्य नगर प्रवेश आज, 2 किमी लंबा जुलूस निकलेगा
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
जिला संवाददाता राजीव विजयवर्गीय
संदेश कुमार झा, मोहनीश भार्गव
राजस्थान, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों से पहुंच रहे श्रद्धालु, लाखों की भीड़ की संभावना
गुना, 2 जून। पुण्योदय अतिशय क्षेत्र बजरंगगढ़ में आयोजित होने वाले श्री 1008 मदजिनबिम्ब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महामहोत्सव के तहत आज जगत पूज्य मुनिपुंगव मुनि श्री सुधासागर जी महाराज का भव्य नगर प्रवेश होगा। उनके आगमन को लेकर पूरे शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। आयोजन समिति के अनुसार लगभग 13 वर्षों बाद मुनि श्री का गुना आगमन हो रहा है, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
पुण्योदय अतिशय क्षेत्र कमेटी के अध्यक्ष एस.के. जैन ने बताया कि नगर प्रवेश के दौरान करीब 2 किलोमीटर लंबा भव्य चल समारोह निकलेगा। इसमें धर्म ध्वजाएं, आकर्षक झांकियां, 21 घुड़सवार, 24 बग्गियां, 51 दिव्य ढोल, सागर डपला पार्टी, बैलगाड़ियां, बैंड दल, महिला मंडलों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों की सहभागिता रहेगी।
चल समारोह में राजस्थान के कोटा से ड्रोन द्वारा पुष्पवर्षा की जाएगी, जबकि शहर के कई स्थानों पर क्रेनों से बैलून वर्षा भी होगी। सिलवानी का अखाड़ा, जोधपुर डांस पार्टी, लेजम पार्टी और युवा श्रद्धालुओं की भक्ति प्रस्तुतियां आयोजन का विशेष आकर्षण रहेंगी।
मुनि श्री के स्वागत के लिए 40×40 फीट की विशाल रंगोली बनाई गई है। जबलपुर, ललितपुर और अशोकनगर से आए कलाकार विशेष रंगोली प्रदर्शन करेंगे। नगर प्रवेश के दौरान 108 रजत कलशों से एक विशेष रैंप पर मुनि श्री का पाद-प्रक्षालन भी किया जाएगा।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सहित नगर की विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संस्थाएं मुनि श्री एवं उनके संघ का स्वागत करेंगी। मुनि श्री अशोकनगर से विहार करते हुए गुना पहुंच रहे हैं। आयोजन समिति के अनुसार प्रदेश ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश और राजस्थान से भी हजारों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, जिससे गुना धार्मिक आस्था का केंद्र बन गया है।
कीवर्ड्स: मुनि श्री सुधासागर जी महाराज, गुना नगर प्रवेश, पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव, बजरंगगढ़ जैन मंदिर, गुना धार्मिक आयोजन, जैन समाज गुना, सुधासागर महाराज गुना आगमन, धार्मिक शोभायात्रा गुना।








