राजस्थान से स्मैक तस्करी कर रहे पति-पत्नी दबोचे, 6 लाख का माल जब्त
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
जिला संवाददाता मोहनीश भार्गव
5 जून 2026
मृगवास पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 51 ग्राम से अधिक स्मैक बरामद
गुना, 06 जून। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मृगवास थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए राजस्थान से स्मैक तस्करी कर रहे अंतर्राज्यीय पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 51.10 ग्राम स्मैक तथा तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित करीब 6 लाख रुपये मूल्य का माल जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन में जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी चांचौड़ा मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में मृगवास थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप यादव और उनकी टीम ने यह उल्लेखनीय कार्रवाई की।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजस्थान की ओर से एक महिला और पुरुष मोटरसाइकिल पर स्मैक लेकर सानई-कुम्भराज मार्ग से मधुसूदनगढ़ की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम बंजारीकला पठार के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम राकेश मीना (33 वर्ष) एवं पायल मीना (33 वर्ष) निवासी ग्राम पाटड़ी, थाना हर्नावदा, जिला बारां (राजस्थान) बताए। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 51.10 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस अब आरोपियों के अन्य सहयोगियों, सप्लाई चेन और अंतर्राज्यीय नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी संदीप यादव, चौकी प्रभारी नीरज लोधी सहित मृगवास थाना एवं सानई चौकी के पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









