500 रुपये के लिए दोस्त बना दुश्मन, युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर जिला संवाददाता मोहनीष भार्गव
13 जून 2026

गुना। महज 500 रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना शनिवार रात करीब 10 बजे मुक्तिधाम के पास हुई, जहां आरोपी ने युवक के पेट में लगातार कई वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार कैंट थाना क्षेत्र निवासी सोयब कुरैशी ने अपने दोस्त भूरा रघुवंशी से 500 रुपये उधार लिए थे। रुपये वापस मांगने के लिए भूरा ने सोयब को फोन कर मुक्तिधाम के पास बुलाया। वहां दोनों के बीच पैसों को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि सोयब ने चाकू निकालकर भूरा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घायल युवक को खून से लथपथ हालत में देखा जा सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच जारी है।








