चाय की चुस्कियों के बीच रची गई खूनी साजिश: 11 चाकू के वार से कारोबारी की हत्या, पत्नी पर भी बरसाए 30 वार, फिर खुद को गोली मारकर खत्म की कहानी
मंदसौर। शहर के बहुचर्चित डबल मर्डर और सुसाइड केस में पुलिस जांच ने पांच महीने बाद उस सनसनीखेज वारदात की परतें खोल दी हैं, जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। 31 दिसंबर 2025 की रात करीब 8 बजे गोल चौराहा स्थित घर में जो कुछ हुआ, वह किसी क्राइम थ्रिलर से कम नहीं था।
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी विकास सोनी पहले कारोबारी दिलीप जैन के घर पहुंचा। दोनों ने साथ बैठकर चाय पी और बिस्किट खाए। लेकिन कुछ ही मिनटों बाद माहौल खौफनाक हो गया। पुराने लेन-देन और विवाद को लेकर विकास ने दिलीप जैन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जांच में सामने आया कि दिलीप पर 11 बार चाकू से वार किए गए।
इसके बाद आरोपी का गुस्सा यहीं नहीं थमा। उसने दिलीप की पत्नी रेखा जैन पर भी हमला कर दिया और उन पर 30 से अधिक वार किए। देखते ही देखते घर खून से लाल हो गया और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद विकास सोनी ने खुद को भी गोली मार ली। गोली कनपटी को चीरते हुए दीवार में जा धंसी। घटनास्थल पर तीनों की मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
FSL रिपोर्ट और CCTV ने खोला राज
पांच महीने तक चली गहन जांच में पुलिस ने एफएसएल रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल के वैज्ञानिक साक्ष्य और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान जुटाए। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि वारदात की जड़ पुराने आर्थिक लेन-देन और आपसी विवाद में थी।
सिटी कोतवाली पुलिस ने अपनी विस्तृत फाइनल रिपोर्ट तैयार कर वरिष्ठ अधिकारियों को सौंप दी है। जांच के आधार पर पुलिस इस निष्कर्ष पर पहुंची है कि यह मामला दोहरी हत्या के बाद आत्महत्या का था। अब केस क्लोजर की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है।
शहर को झकझोर देने वाला मामला
नए साल की पूर्व संध्या पर हुई इस खूनी वारदात ने मंदसौर ही नहीं, पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी थी। अब पुलिस जांच पूरी होने के बाद इस रहस्यमयी केस के लगभग सभी सवालों के जवाब सामने आ चुके हैं, लेकिन उस रात का खौफनाक मंजर आज भी लोगों के जेहन में ताजा है।








