दहेज की मांग बनी मौत की वजह: पति के बाद सास-ससुर और देवर भी गिरफ्तार
द्वारका न्यूज़
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
जिला संवाददाता राजीव विजयवर्गीय
14 जून 2026
गुना। जिले के म्याना थाना क्षेत्र में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका के सास, ससुर और देवर को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले मुख्य आरोपी पति को जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस जांच में सामने आया कि विवाह के बाद से ही महिला पर 5 लाख रुपये कीमत की बाइक लाने का दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था। 13 मई को मायके जाने को लेकर हुए विवाद और मारपीट के बाद महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। जांच के बाद पुलिस ने पति के साथ अब सास, ससुर और देवर को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।








