सम्राट अशोक काल की विरासत से चमका स्वर्ण भविष्य: आंध्र में शुरू हुई देश की पहली निजी सोने की खदान
अमरावती/कुरनूल। आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले के जोन्नागिरी में सोने के उत्पादन का नया अध्याय शुरू हो गया है। सम्राट अशोक के समय से जुड़ी ऐतिहासिक खनन परंपरा वाले क्षेत्र में अब आधुनिक तकनीक के साथ व्यावसायिक स्वर्ण उत्पादन शुरू किया गया है। स्वतंत्रता के बाद इसे देश की पहली निजी क्षेत्र की सोने की खदान माना जा रहा है।
द्वारका न्यूज़ | 25 जून 2026
प्रधान संपादक: विक्रम |
जिला संवाददाता: मोहनीस भार्गव
करीब 405 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस स्वर्ण खनन एवं प्रसंस्करण परियोजना का उद्घाटन मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने किया। परियोजना से हर वर्ष लगभग 1000 किलोग्राम सोने का उत्पादन होने का अनुमान है, जिससे देश की घरेलू स्वर्ण उत्पादन क्षमता को बड़ी मजबूती मिलेगी।
परियोजना के उद्घाटन के दौरान लायड्स मेटल्स एंड एनर्जी के चेयरमैन बी. प्रभाकरण ने कहा कि यह पहल भारत को सोने के उत्पादन क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने वाली महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी। इस परियोजना से क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ-साथ स्थानीय आर्थिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।







