हनुमान टेकरी ट्रस्ट में मचा घमासान, दो दिनों में दूसरा इस्तीफा
नियमों और कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, ट्रस्ट प्रबंधन पर बढ़ा विवाद
द्वारका न्यूज़ | गुना
प्रधान संपादक विक्रम सिंह तोमर
4 जुलाई 2026
गुना जिले के प्रसिद्ध हनुमान टेकरी मंदिर ट्रस्ट में इन दिनों इस्तीफों का दौर शुरू हो गया है। दो दिनों के भीतर ट्रस्ट से जुड़े दो प्रमुख पदाधिकारियों के इस्तीफे के बाद ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। पहले पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने संरक्षक पद छोड़ा और अब ट्रस्टी राजेंद्र अग्रवाल ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
हनुमान टेकरी ट्रस्ट को लेकर पिछले कई महीनों से विवाद की स्थिति बनी हुई है। आरोप लगाए जा रहे हैं कि ट्रस्ट में नियमों का पालन किए बिना सदस्यों की नियुक्तियां की गईं। साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि कुछ सदस्यों के निधन के बाद प्रशासन को इसकी जानकारी दिए बिना नए सदस्यों को जोड़ा गया।
सूत्रों के अनुसार ट्रस्ट के चुनाव कई वर्षों से नहीं हुए हैं, जिससे पारदर्शिता और संचालन प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं। पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने अपने इस्तीफे का कारण पारिवारिक और राजनीतिक व्यस्तता बताया था, जबकि ट्रस्टी राजेंद्र अग्रवाल ने अपने इस्तीफे में व्यावसायिक व्यस्तता का हवाला दिया है।
लगातार हो रहे इस्तीफों के बाद अब मंदिर ट्रस्ट की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच भी ट्रस्ट प्रबंधन को लेकर विभिन्न सवाल उठ रहे हैं।






