कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला आपदा प्रबंधन की बैठक आयोजित, फायरबॉल का दिखाया गया डेमो
प्रधान संपादक में विक्रम सिंह तोमर
जिला संवाददाता राजीव विजय वर्गीय
गुना 16 अप्रैल 2025
जिला कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में आज जिला आपदा प्रबंधन की बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत में \’फायरबॉल\’ (Fire Ball) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वीडियो के माध्यम से इसका डेमो दिखाया गया कि यह किस प्रकार से कार्य करती है और आग बुझाने में किस तरह उपयोगी साबित होती है।
फायरबॉल की विशेषता यह है कि जैसे ही यह आग के संपर्क में आती है, यह स्वत: ब्लास्ट हो जाती है और इसके अंदर मौजूद विशेष प्रकार का पाउडर आग को तुरंत बुझा देता है। बाजार में यह उपकरण 400 से 1200 रुपये की रेंज में आसानी से उपलब्ध है।
बैठक में ‘DWRS ऐप’ की भी जानकारी दी गई, जो आम नागरिकों को आपदा की स्थिति में उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। इसके अलावा NDMA (राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण) की वेबसाइट के बारे में भी बताया गया, जहां विभिन्न प्रकार की आपदाओं से संबंधित बचाव उपाय, सावधानियाँ, शॉर्ट्स वीडियो और लेखन सामग्री उपलब्ध हैं।
कलेक्टर ने बैठक के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आपदा प्रबंधन केवल एक औपचारिकता न रहे, बल्कि यह विषय स्कूल, कॉलेज और आम जनता तक गंभीरता से पहुँचाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगली बार जब आपदा प्रबंधन की बैठक आयोजित हो, तो अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी अधिकारियों और मीडिया प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित कर उनके विचार एवं सुझाव लिए जाएं।
कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी उपायों की पूर्व योजना बनाकर तैयारियां की जाएँ। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के समापन के पश्चात कलेक्टोरेट परिसर में ‘फायरबॉल’ का डेमो टेस्ट भी किया गया, जिसमें इसका प्रभावी प्रदर्शन देखा गया।









